सिवनी/राकेश यादव/खबर डिजिटल/ सिवनी जिले में चोरी के मामलों में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के ईनामी आरोपी को बंडोल पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उस पर कई थानों में चोरी के प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा तथा एसडीओपी सचिन परते के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना बंडोल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।
कई थानों में दर्ज हैं चोरी के मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विकास पिता मनीराम डेहरिया (29) निवासी निवारी चौकी बादलपार थाना कुरई, हाल निवासी जनता नगर टपरा मोहल्ला थाना डूण्डा सिवनी है। आरोपी के खिलाफ थाना बंडोल के दो चोरी के प्रकरणों में कुल 5000 रुपये का इनाम घोषित था।
इसके अलावा आरोपी के खिलाफ थाना अरी, लखनवाड़ा और डूण्डा सिवनी में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वह थाना डूण्डा सिवनी का निगरानी बदमाश और आदतन चोरी करने वाला अपराधी बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को 14 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय सिवनी में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक मनोज जंघेला, सहायक उप निरीक्षक शिवेन्द्र वसूले, प्रधान आरक्षक बालमुकुंद बघेल, प्रधान आरक्षक जयेन्द्र बघेल, आरक्षक सतेन्द्र चन्द्रवंशी और रजनीकांत ठाकुर की सराहनीय भूमिका रही।


