जबलपुर/ संस्कारधानी के बेलखेड़ा थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 17 वर्षीय स्कूली छात्रा के साथ डरा-धमकाकर ज्यादती की गई। पीड़िता की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एक साल पहले हुई थी जान-पहचान
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, बेलखेड़ा निवासी 11वीं कक्षा की छात्रा की पहचान करीब एक साल पहले आदिल खान नामक युवक से हुई थी। आरोपी ने दोस्ती की आड़ में छात्रा का भरोसा जीता और फिर उसे अपनी हवस का शिकार बनाया।
स्कूल परिसर में दिया वारदात को अंजाम
घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बेलखेड़ा थाना प्रभारी लवकेश उपाध्याय ने बताया कि पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने आकर आपबीती सुनाई। छात्रा के अनुसार, बीते 30 दिसंबर को आदिल ने उसे स्कूल के पीछे बुलाया था। वहां आरोपी उसे जबरदस्ती एक सूने कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। लोक-लाज और डर के कारण छात्रा ने उस समय यह बात किसी को नहीं बताई।
गर्भावस्था से खुला राज
मामले का खुलासा तब हुआ जब हाल ही में छात्रा के सिर में तेज दर्द हुआ। परिजन उसे इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले गए। गहन चिकित्सीय जांच के दौरान जब यह बात सामने आई कि छात्रा दो माह की गर्भवती है, तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। घर पर कड़ाई से पूछने पर पीड़िता ने आरोपी आदिल खान की पूरी करतूत बयां की।
पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड विधान (IPC) की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी की घेराबंदी की और उसे हिरासत में ले लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी आदिल खान को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।


