राकेश यादव/ खबर डिजिटल/ सिवनी/ मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बंडोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सेमरा टोला (बांद्रा) में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। यहां अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान को अपना निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पार कर दी। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर भारी आक्रोश है।
सूनेपन का उठाया फायदा
जानकारी के मुताबिक, घटना सेमरा टोला निवासी जितेंद्र राय के घर की है। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार घर पर मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में धावा बोल दिया। चोरों ने बड़ी सफाई से मकान का दरवाजा तोड़ा और घर के भीतर दाखिल हो गए। अंदर अलमारी और लॉकर को तोड़कर उन्होंने वहां रखी नगदी और कीमती आभूषणों को समेट लिया।

सुबह घर पहुंचते ही उड़े होश
घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित महिला अपने ससुराल से वापस घर लौटी। जैसे ही वह मुख्य द्वार पर पहुंची, उसे दरवाजा टूटा हुआ मिला। घर के भीतर का नजारा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। सारा सामान बिखरा पड़ा था और कीमती सामान गायब था। पीड़ित महिला ने बताया, हम लोग कुछ समय के लिए ससुराल गए हुए थे। जब सुबह वापस आए तो घर का ताला टूटा था। अंदर जाने पर देखा कि पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। चोरों ने करीब 47,000 रुपये नगद और लाखों की कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए हैं। हमारा बहुत बड़ा नुकसान हो गया है।

पुलिस जांच और ग्रामीणों की मांग
वारदात की सूचना तुरंत बंडोल थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में भी छानबीन तेज कर दी गई है।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। सेमरा टोला के ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात में गश्त बढ़ाई जाए और इस वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।


