MP Rajya Sabha Election : मध्यप्रदेश से राज्यसभा की एक सीट को लेकर कांग्रेस में मंथन तेज हो गया है। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए पार्टी इस बार महिला उम्मीदवार पर दांव लगा सकती है, जिसमें पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन का नाम सबसे मजबूत माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, मीनाक्षी नटराजन, जो राहुल गांधी के करीबी मानी जाती हैं और वर्तमान में तेलंगाना की प्रभारी हैं, दिल्ली में सक्रिय हैं और शीर्ष नेतृत्व से लगातार संपर्क में हैं। उनकी दावेदारी को लेकर पार्टी के अंदर चर्चाएं तेज हो गई है।
पटवारी का इनकार, बदले समीकरण
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा राज्यसभा की दौड़ से खुद को अलग करने के बाद नए समीकरण बन गए हैं। इससे संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी इस बार अलग रणनीति अपनाते हुए महिला नेतृत्व को प्राथमिकता दे सकती है।
क्रॉस वोटिंग पर फोकस
राज्यसभा चुनाव में किसी भी तरह की क्रॉस वोटिंग से बचने के लिए कांग्रेस संगठन स्तर पर सक्रिय हो गई है। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी को विधायकों को एकजुट रखने की जिम्मेदारी दी गई है। बताया जा रहा है कि वे जल्द ही भोपाल आकर विधायकों के साथ बैठक कर सकते हैं।
अन्य दावेदारों की राह मुश्किल
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का रुख अभी स्पष्ट नहीं है। वे पहले ही दो बार राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं और हाल के लोकसभा चुनावों में हार का सामना कर चुके हैं। ऐसे में पार्टी उन्हें तीसरी बार मौका देने से बच सकती है। इसके अलावा वे खुद राज्यसभा जाने से इनकार कर चुके है।
वहीं, जीतू पटवारी, कमलेश्वर पटेल और अरुण यादव जैसे नेताओं के नाम चर्चा में जरूर हैं, लेकिन उनकी दावेदारी आसान नहीं मानी जा रही। पिछड़ा वर्ग से पहले ही अशोक सिंह राज्यसभा में हैं, ऐसे में पार्टी संतुलन बनाए रखने की कोशिश करेगी। पटवारी भी राज्यसभा जाने से इनकार कर चुके है।
आदिवासी चेहरे पर नजर
आदिवासी वर्ग से प्रतिनिधित्व को लेकर भी पार्टी के पास विकल्प मौजूद हैं। वरिष्ठ नेता कांतिलाल भूरिया का नाम सामने आया है, लेकिन उनके परिवार के एक सदस्य के पहले से संगठन में होने के कारण इस पर भी विचार-विमर्श जारी है।


