आज के समय में ट्रैफिक चालान भरना पहले जितना मुश्किल नहीं रहा. पहले लोगों को चालान जमा करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ऑफिस या कोर्ट के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब यह काम घर बैठे आसानी से किया जा सकता है. डिजिटल सिस्टम आने के बाद पूरी प्रक्रिया काफी आसान और तेज हो गई है. अब आप कुछ ही मिनटों में अपना चालान ऑनलाइन चेक कर सकते हैं और तुरंत भुगतान भी कर सकते हैं. दरअसल, जब कोई व्यक्ति ट्रैफिक नियम तोड़ता है तो उसका चालान इलेक्ट्रॉनिक तरीके से जनरेट किया जाता है, जिसे ई-चालान कहा जाता है. यह चालान सीधे वाहन नंबर से जुड़ा होता है और इसकी जानकारी सरकारी डेटाबेस में सेव रहती है. यही वजह है कि आपको अब किसी कागज की जरूरत नहीं होती. आप अपने मोबाइल या लैपटॉप से ही पूरी जानकारी देख सकते हैं
घर बैठे ऐसे भरे चालान
- अगर आप घर बैठे ट्रैफिक चालान भरना चाहते हैं, तो सबसे पहले आपको सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा.
- इसके लिए आप ई-चालान पोर्टल खोल सकते हैं.
- वहां आपको “चालान स्टेटस चेक करें” जैसा ऑप्शन मिलेगा.
- इस पर क्लिक करने के बाद आपको कुछ जरूरी जानकारी भरनी होती है, जैसे वाहन नंबर, चालान नंबर या ड्राइविंग लाइसेंस नंबर.
- इसके बाद कैप्चा भरकर “गेट डिटेल” पर क्लिक करना होता है
- जैसे ही आप यह जानकारी सबमिट करते हैं, आपके सामने आपके वाहन से जुड़े सभी पेंडिंग चालान की डिटेल खुलकर आ जाती है.
- इसमें यह भी दिखता है कि आपने कौन सा नियम तोड़ा, कब चालान कटा और कितना जुर्माना देना है.
- इससे आपको पूरी पारदर्शिता मिलती है और किसी तरह की गलतफहमी नहीं रहती
- अब अगर आप भुगतान करना चाहते हैं, तो उसी स्क्रीन पर “Pay Now” का विकल्प दिखाई देता है.
- इस पर क्लिक करते ही आप पेमेंट पेज पर पहुंच जाते हैं. यहां आप अपनी सुविधा के अनुसार पेमेंट का तरीका चुन सकते हैं. जैसे कि डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या फिर UPI.
- आजकल कई लोग मोबाइल ऐप्स के जरिए भी चालान भरना पसंद करते हैं, जिससे प्रक्रिया और भी आसान हो जाती है.
- पेमेंट पूरा होने के बाद आपको तुरंत एक रसीद मिलती है, जिसे आप डाउनलोड कर सकते हैं.
- यह रसीद भविष्य में काम आती है, खासकर जब आपको यह साबित करना हो कि आपने चालान भर दिया है. इसलिए इसे संभालकर रखना जरूरी होता है
ऑनलाइन चालान भरने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं पड़ती. आप घर बैठे ही कुछ मिनटों में पूरा काम कर सकते हैं. इसके अलावा यह तरीका सुरक्षित और पारदर्शी भी है, क्योंकि सारी जानकारी सीधे सरकारी सिस्टम में अपडेट होती है. हालांकि, एक बात का ध्यान रखना बहुत जरूरी है. आजकल फर्जी चालान मैसेज और लिंक भी काफी बढ़ गए हैं. इसलिए हमेशा केवल सरकारी वेबसाइट या भरोसेमंद प्लेटफॉर्म का ही इस्तेमाल करें. किसी अनजान लिंक पर क्लिक करके अपनी जानकारी साझा करना नुकसानदायक हो सकता है.
यह भी पढ़ें- दुनिया का अनोखा देश जहां इंटरनेट नहीं, Google-WhatsApp पूरी तरह बैन, नाम जान होंगे हैरान


