MP Morning News: प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज वाराणसी दौरे पर रहेंगे। वे सुबह भोपाल से रवाना होकर काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे और इसके बाद एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। शाम को उनका भोपाल लौटने का कार्यक्रम है।
युवा विधायक सम्मेलन समापन आज
इधर राजधानी में मध्य प्रदेश विधानसभा में चल रहा युवा विधायक सम्मेलन आज समापन की ओर है। समापन सत्र में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश मुख्य अतिथि होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष रमन सिंह भी शामिल होंगे। इसके बाद विधायकों का उज्जैन दौरा प्रस्तावित है।
गेहूं खरीदी में देरी
किसानों के लिए एक अहम अपडेट यह है कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में देरी होगी। कुछ संभागों में खरीदी 10 अप्रैल से और बाकी में 15 अप्रैल से शुरू होगी, जिससे खुले में रखे गेहूं को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम का डबल अटैक
मौसम की बात करें तो प्रदेश में “डबल अटैक” की स्थिति बनी हुई है। ग्वालियर-चंबल सहित कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
TET विवाद, शिक्षकों का बड़ा ऐलान
वहीं मध्य प्रदेश शिक्षा विभाग से जुड़ा बड़ा अपडेट यह है कि TET विवाद को लेकर 12 शिक्षक संघों ने आंदोलन का ऐलान किया है। 8 से 18 अप्रैल तक प्रदेशभर में प्रदर्शन होंगे और 18 अप्रैल को भोपाल में बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
कचरा प्रबंधन, नए नियक लागू
नगर निगम ने भी 1 अप्रैल से सख्त कदम उठाते हुए कचरा प्रबंधन के नए नियम लागू कर दिए हैं। अब गीला, सूखा, सैनिटरी और खतरनाक कचरा अलग-अलग रखना अनिवार्य होगा। नियम तोड़ने पर जुर्माना लगाया जाएगा, खासतौर पर बड़ी सोसायटी, होटल और अस्पतालों पर सख्ती रहेगी।
1 अप्रैल से स्कूल चलें हम अभियान
शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक पहल के तहत “स्कूल चलें हम” अभियान भी 1 अप्रैल से शुरू हो रहा है, जिसका उद्देश्य बच्चों का नामांकन बढ़ाना और शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना है।
बम की धमकी देने वाला गिरफ्तार
भोपाल में बम धमकी वाले ईमेल भेजने वाले आरोपी का अब तक सुराग नहीं लग पाया है, जबकि दिल्ली पुलिस ने एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने कई राज्यों में ऐसे मेल भेजे थे।
शिक्षा विभाग में नियमितीकरण की तैयारी
अंत में, शिक्षा विभाग में लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। करीब 10 साल से सेवा दे रहे दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित करने की तैयारी शुरू हो गई है और सभी जिलों से डेटा मांगा गया है।


