छत्तीसगढ़ के दूर-दराज वन क्षेत्रों और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति समुदायों के लिए मोबाइल मेडिकल यूनिट एक बड़ी राहत बनकर सामने आई है. सरकार की इस पहल ने ‘अस्पताल गांव के द्वार’ की सोच को जमीन पर उतार दिया है. पिछले लगभग साढ़े तीन महीनों में इस सेवा के जरिए 2035 से अधिक लोगों को उनके घर के पास ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिल चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है.
पहले इन इलाकों के लोगों को सामान्य इलाज के लिए भी कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था. समय और साधनों की कमी के कारण कई बार लोग इलाज नहीं करा पाते थे. लेकिन प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत 15 जनवरी 2026 से शुरू हुई इस मोबाइल मेडिकल यूनिट ने इस स्थिति को काफी हद तक बदल दिया है. यह यूनिट कमार जनजाति बहुल गांवों जैसे बल्दाकछार, औराई और कसडोल क्षेत्र के अन्य गांवों में नियमित रूप से पहुंचकर कैंप लगा रही है. अब लोगों को शहर या दूर के अस्पतालों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ रही.
इस चलती-फिरती स्वास्थ्य सेवा में आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. हर यूनिट में एक डॉक्टर, नर्स, लैब टेक्निशियन और ड्राइवर की टीम मौजूद रहती है. यहां पर ही ब्लड प्रेशर, शुगर, मलेरिया और हीमोग्लोबिन जैसी जरूरी जांचें की जाती हैं. मरीजों को मौके पर ही डॉक्टर से परामर्श मिलता है और जरूरत के अनुसार मुफ्त दवाइयां भी दी जाती हैं.
प्रशासन पहले से ही कैंप की तारीख और स्थान तय कर देता है और इसकी जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए गांवों में मुनादी कराई जाती है. इससे लोगों को समय पर सूचना मिल जाती है और वे बड़ी संख्या में कैंप में पहुंचते हैं. ग्रामीणों का कहना है कि पहले अस्पताल जाने में पूरा दिन लग जाता था और खर्च भी ज्यादा होता था, लेकिन अब गांव के पास ही इलाज मिलने से समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है.
इस पहल का असर लोगों की सोच में भी साफ दिखाई दे रहा है. पहले जहां कई लोग पारंपरिक तरीकों या जड़ी-बूटियों पर ही निर्भर रहते थे, अब वे आधुनिक चिकित्सा पर भरोसा करने लगे हैं. लोग अब बीमारियों को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर जांच और इलाज को महत्व दे रहे हैं, जो उनके बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में एक सकारात्मक बदलाव है.
यह भी पढ़ें- हर महीने 5000 तक पेंशन! जानिए Atal Pension Yojana की पूरी डिटेल, कौन और कैसे कर सकते हैं अपलाई
यह भी पढ़ें- MP में किसानों की बल्ले-बल्ले! भू-अर्जन संशोधन से यूं मिलेगा बंपर फायदा
यह भी पढ़ें- इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी
यह भी पढें- New COVID Variant BA.3.2 Cicada: फिर कोरोना की एंट्री, जानें लक्षण और बचाव के तरीके
यह भी पढें-MP Pension Scheme: 55 लाख लोगों की बल्ले-बल्ले! सरकार ने ट्रांसफर किए करोड़ों रुपये, चेक करें अपना नाम
