Monday, November 2, 2026
Homeमध्यप्रदेशछत्तीसगढ़ से डिंडौरी पहुंची 17 साल की बाघिन, वन अधिकारी ने जारी...

छत्तीसगढ़ से डिंडौरी पहुंची 17 साल की बाघिन, वन अधिकारी ने जारी किया अलर्ट

Chhattisgarh Achanakmar Tiger Reserve से भटककर एक बुजुर्ग बाघिन मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में पहुंच गई है।

डिंडौरी/खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ छत्तीसगढ़ के अचानकमार टाइगर रिजर्व Chhattisgarh Achanakmar Tiger Reserve से भटककर एक बुजुर्ग बाघिन मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में पहुंच गई है। पिछले कुछ दिनों से यह बाघिन डिंडौरी वनमंडल के पूर्व करंजिया परिक्षेत्र के जंगलों में घूमती हुई देखी जा रही है। वन विभाग के ट्रैप कैमरों में बाघिन की तस्वीरें आने के बाद विभाग ने पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ट्रैप कैमरे की तस्वीरें मिलने के बाद अचानकमार टाइगर रिजर्व के अधिकारियों से बात की गई। वहां से पुष्टि हुई है कि यह बाघिन उन्हीं के रिजर्व की है। उसकी उम्र लगभग 17 साल है। उम्र के हिसाब से यह अचानकमार की सबसे बुजुर्ग बाघिनों में से एक मानी जाती है। आमतौर पर जंगल में बाघ की औसत उम्र 12 से 15 साल होती है।

डिंडौरी के वनमंडलाधिकारी ने पूर्व करंजिया और आसपास के गांवों के लोगों से खास सावधानी बरतने को कहा है। विभाग की तरफ से ग्रामीणों के लिए सलाह दी गई है कि लकड़ी, महुआ या अन्य काम से जंगल जाने वाले लोग 2-3 के समूह में ही जाएं। मवेशियों को चराने ले जाते समय साथ में लाठी-डंडा जरूर रखें और अकेले न जाएं। बाघिन को लेकर किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं और न ही उन पर ध्यान दें। अगर कहीं बाघिन या उसके पैरों के निशान दिखें तो तुरंत नजदीकी वन चौकी या वन अमले को खबर दें।

वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि 17 साल की उम्र बाघ के लिए बहुत ज्यादा होती है। इस उम्र में बाघिन के दांत और ताकत कमजोर हो जाते हैं। ऐसे में वह जंगली जानवरों का शिकार करने के बजाय आसान शिकार जैसे मवेशियों की तरफ जा सकती है। इसी वजह से इंसानों और मवेशियों से टकराव का खतरा बढ़ जाता है।

फिलहाल वन विभाग की टीम लगातार बाघिन पर नजर रख रही है। जगह-जगह ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं और गश्ती दल भी बढ़ा दिए गए हैं। विभाग का कहना है कि बाघिन को वापस अचानकमार भेजने या उसे सुरक्षित रखने के लिए आगे की योजना बनाई जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि जंगल हमारा और वन्यजीवों का साझा घर है। थोड़ी सी सावधानी से हम अपनी और बाघिन दोनों की सुरक्षा कर सकते हैं।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट