मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी इन दिनों एक जमीन विवाद को लेकर काफी नाराज नजर आए. कभी राज्य की कानून व्यवस्था संभालने वाले कोठारी अब खुद पुलिस प्रशासन से न्याय की मांग करते दिखाई दिए. मामला इतना बढ़ गया कि वे सीधे एसपी कार्यालय पहुंच गए और कार्रवाई नहीं होने से नाराज होकर एसपी के चेंबर के बाहर ही धरने पर बैठ गए. बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला उनके पुराने मित्र और मीसाबंदी बसंत पुरोहित के प्लॉट से जुड़ा है. दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र में स्थित इस खाली प्लॉट पर अवैध कब्जे की शिकायत लंबे समय से की जा रही थी. फरियादी कई बार थाने के चक्कर लगा चुका था, लेकिन कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी. इसी बात से हिम्मत कोठारी नाराज हो गए और उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया.
हिम्मत कोठारी ने BJP छोड़ने की दी धमकी
कोठारी का कहना है कि पीड़ित पक्ष ने जमीन से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज पुलिस के सामने पेश कर दिए हैं. इसके बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही. वहीं जिस पक्ष पर कब्जे का आरोप है, उसके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं बताए जा रहे. इसके बाद भी पुलिस की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. उन्होंने आगे कहा, पार्टी से अनुमति लेनी होगी, लेकिन न्याय नहीं मिला तो भी वो लड़ाई लड़ेंगे चाहे इसके लिए उनको पार्टी छोड़नी पड़े.
हिम्मत कोठारी ने क्या कहा
एसपी कार्यालय में धरने पर बैठे कोठारी ने साफ कहा कि यह किसी राजनीतिक लड़ाई का मामला नहीं है, बल्कि एक आम आदमी को न्याय दिलाने की लड़ाई है. उन्होंने कहा कि जब एक सामान्य नागरिक को गुंडों और दबंगों से बचाने में प्रशासन नाकाम हो जाए तो यह बेहद चिंता की बात है. उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधि और पार्टी के नेता भी इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं.
न्याय की आस में पूर्व गृहमंत्री
पूर्व गृहमंत्री ने बताया कि वे इससे पहले भी एसपी अमित कुमार से मिल चुके हैं और थाना प्रभारी पर निर्देशों का पालन नहीं करने का आरोप लगा चुके हैं. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि अगर आम लोगों के साथ इसी तरह अन्याय होता रहा तो हालात अराजकता की ओर बढ़ सकते हैं. हिम्मत कोठारी ने यहां तक कह दिया कि अगर जरूरत पड़ी तो वे आमरण अनशन भी करेंगे. उन्होंने कहा कि फिलहाल वे पार्टी में हैं और किसी बड़े कदम से पहले अनुमति लेंगे, लेकिन अगर न्याय नहीं मिला तो वे लड़ाई जारी रखेंगे. उन्होंने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अब कोई सुनने और देखने को तैयार नहीं है.
यह भी पढ़ें- हर महीने 5000 तक पेंशन! जानिए Atal Pension Yojana की पूरी डिटेल, कौन और कैसे कर सकते हैं अपलाई
यह भी पढ़ें- MP में किसानों की बल्ले-बल्ले! भू-अर्जन संशोधन से यूं मिलेगा बंपर फायदा
यह भी पढ़ें- इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी
यह भी पढें- New COVID Variant BA.3.2 Cicada: फिर कोरोना की एंट्री, जानें लक्षण और बचाव के तरीके
