भोपाल। मध्य प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। ऑयल कंपनियों ने 25 मई को एक बार फिर ईंधन के दाम बढ़ा दिए हैं। नई दरों के अनुसार पेट्रोल 2.61 रुपए प्रति लीटर और डीजल 2.71 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है। इस बढ़ोतरी के बाद प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल 115 रुपए प्रति लीटर के करीब पहुंच गया है, जबकि डीजल की कीमतें भी 100 रुपए प्रति लीटर के आसपास या उससे ऊपर दर्ज की जा रही हैं।
11 दिन में चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम
मई महीने में यह चौथी बार है जब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा किया गया है। 15 मई से शुरू हुई बढ़ोतरी का असर लगातार जारी है। चार चरणों में हुई वृद्धि के बाद दोनों ईंधनों के दाम कुल मिलाकर करीब 8 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ चुके हैं। इससे आम लोगों और परिवहन क्षेत्र पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका है।
भोपाल-इंदौर समेत बड़े शहरों में नए रेट लागू
नई कीमतों के बाद राजधानी भोपाल में पेट्रोल 114.65 रुपए और डीजल 99.74 रुपए प्रति लीटर हो गया है। इंदौर में पेट्रोल 114.54 रुपए और डीजल 99.57 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं ग्वालियर और जबलपुर में भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों में उज्जैन सबसे महंगे ईंधन वाले शहरों में शामिल है। यहां पेट्रोल 115.03 रुपए और डीजल 100.11 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है।
मई में कब-कब बढ़े पेट्रोल-डीजल के रेट?
मई 2026 में अब तक चार बार कीमतों में बदलाव किया गया है।
- 15 मई 2026: पहली बार करीब 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी
- 19 मई 2026: दूसरी बार लगभग 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि
- 23 मई 2026: तीसरी बार 87 से 91 पैसे प्रति लीटर तक दाम बढ़े
- 25 मई 2026: चौथी बार पेट्रोल और डीजल दोनों में करीब 3 रुपए प्रति लीटर का इजाफा
ये खबर भी पढ़ें..
