सिवनी/ खबर डिजिटल/राकेश यादव/ सिवनी मुख्यालय के सुनारी मोहल्ला में 12 जून की रात करीब 2:30 बजे हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि एक विवादित प्रॉपर्टी को खाली कराने के लिए सुनियोजित साजिश रची गई थी।
पुलिस के अनुसार भोपाल से आए शूटर निखिल बाथम और गोलू अहिरवार को फायरिंग के लिए हायर किया गया था। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे अमन चौहान और गौरव दीक्षित के संपर्क में थे। अमन चौहान ने फायरिंग के लिए मोटरसाइकिल भी उपलब्ध कराई थी।
Must Read: भाजपा में होगा बड़ा फेरबदल!, अमित शाह ने बुलाई हाईलेवल बैठक
जांच में पता चला कि विवादित प्रॉपर्टी में गौरव दीक्षित की पार्टनरशिप थी, जिस पर कृष्णा चौरसिया का कब्जा था। आरोपियों ने ऐसी साजिश रची कि फायरिंग के बाद कृष्णा चौरसिया पर हत्या के प्रयास (धारा 307) का मामला दर्ज हो जाए और दबाव बनाकर प्रॉपर्टी खाली कराई जा सके।
पुलिस ने मामले में निखिल बाथम, गोलू अहिरवार और अमन चौहान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया है। वहीं मुख्य आरोपी गौरव दीक्षित फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
