भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश भाजपा की नई प्रदेश कार्यसमिति की पहली महत्वपूर्ण बैठक 30 और 31 अगस्त को ऐतिहासिक नगरी ओरछा में आयोजित की जाएगी। दो दिवसीय बैठक में पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारियों को लेकर व्यापक रणनीति और संगठनात्मक रोडमैप पर चर्चा करेगी।पार्टी सूत्रों के मुताबिक इसमें विशेष रुप से डिजिटल तरीके से प्रचार के लिए प्लान ‘सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स’ पर काम करने की बात कही जा रही है। बैठक में प्रदेशभर से भाजपा के वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारी और संगठन से जुड़े प्रमुख प्रतिनिधि शामिल होंगे। माना जा रहा है कि पार्टी इस मंच के जरिए ‘मिशन-2028’ की दिशा तय करने के साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने की योजना तैयार करेगी।
डिजिटल रणनीति पर भी रहेगा विशेष जोर
बदलते राजनीतिक और डिजिटल दौर को देखते हुए भाजपा सोशल मीडिया को अपनी आगामी चुनावी तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने की तैयारी कर रही है। पार्टी की योजना डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं और नए मतदाताओं तक अपनी पहुंच को और व्यापक बनाने की है।इसी कड़ी में स्थानीय स्तर के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को पार्टी की गतिविधियों से जोड़ने पर भी विचार किया जा सकता है। इसका उद्देश्य स्थानीय मुद्दों और पार्टी की योजनाओं को सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाना है।
BJP में युवाओं को लेकर बड़ा मंथन, नितिन नवीन ने बुलाई अहम बैठक
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर रहेगा फोकस
भाजपा कार्यसमिति की बैठक में संगठन के विस्तार, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और पार्टी के जनाधार को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर मंथन होने की संभावना है। आगामी चुनावों को देखते हुए राजनीतिक चुनौतियों और विपक्ष की रणनीति से निपटने के लिए भी पार्टी अपना खाका तैयार कर सकती है।पार्टी नेतृत्व का फोकस संगठनात्मक ढांचे को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने पर रहेगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका, जनसंपर्क अभियान और विभिन्न वर्गों तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने को लेकर रणनीति बनाई जा सकती है।
मिशन-2028 के लिए अहम मानी जा रही बैठक
ओरछा में होने वाली भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की यह बैठक आगामी विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दो दिनों तक चलने वाले मंथन में संगठन, जनाधार विस्तार, युवाओं से संपर्क और डिजिटल रणनीति समेत कई विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। ऐसे में ओरछा की यह बैठक भाजपा के लिए केवल संगठनात्मक बैठक नहीं, बल्कि मिशन-2028 की चुनावी तैयारियों की दिशा और रणनीति तय करने वाला अहम मंच साबित हो सकती है।
Exclusive Report: इंदौर से होगा मोहन सरकार का लिटमस टेस्ट… 45 दिन बाद उपचुनाव!
