*कटनी* –( *सौरभ श्रीवास्तव)* स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर बड़ा सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। जिला अस्पताल कटनी से जबलपुर रेफर की गई प्रसव पीड़िता से 108 एम्बुलेंस चालक द्वारा पैसों की वसूली किए जाने का आरोप लगा है।जानकारी के अनुसार, वीर सावरकर वार्ड निवासी श्यामसुंदर चौधरी की पत्नी रेशू चौधरी (27 वर्ष) को 14 अगस्त को प्रसव पीड़ा के चलते जिला चिकित्सालय कटनी में भर्ती कराया गया था। 21 अगस्त को डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया। इस दौरान जिला अस्पताल द्वारा 108 एम्बुलेंस (क्रमांक एमपी-7466) की व्यवस्था की गई।पीड़ित श्यामसुंदर का आरोप है कि रास्ते में एम्बुलेंस चालक ने उनसे 1700 रुपये की मांग की और पैसे लेकर ही पत्नी को मेडिकल कॉलेज जबलपुर छोड़ा। वहीं, छुट्टी मिलने के बाद वापस लौटते समय मेडिकल कॉलेज द्वारा उपलब्ध कराई गई एम्बुलेंस ने सिहोरा तक छोड़ा, लेकिन वहां से दूसरी 108 एम्बुलेंस (क्रमांक एमपी-4344) ने फिर 1700 रुपये वसूले।इस प्रकार दो अलग-अलग सरकारी एम्बुलेंस चालकों द्वारा कुल 3400 रुपये वसूले जाने की बात सामने आई है। पीड़ित का कहना है कि गरीब जनता से इस तरह अवैध वसूली कर भ्रष्टाचार किया जा रहा है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।पीड़ित ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है।
108 एम्बुलेंस वाहन चालक पर प्रसव पीड़िता से पैसा वसूली के गंभीर आरोप, पीड़ित ने की शिकायत
सम्बंधित ख़बरें


