भोपाल/ सुनील बंशीवाल/ खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश की सियासत में इंदौर और उज्जैन नए संदेशों का गढ़ बनते जा रहे है। प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में रविवार से स्वदेशी ही बेचेंगे अभियान की शुरुआत होने जा रही है।
शहर के मूलचंद मार्केट से अभियान की शुरुआत सांसद शंकर लालवानी और विधायक गोलू शुक्ला करने वाले हैं। इसमें संगठन के पदाधिकारी और सदस्य भी शामिल होंगे। बात करें इन दोनों ही शहरों की तो सनातनी संदेश को लेकर कुछ नया ही देखने को मिल रहा है। यूपी से चलाए गए आई लव मोहम्मद अभियान की तर्ज पर उज्जैन से आई लव महाकाल का संदेश दिया गया, जिसका असर कहीं अन्य शहरों में भी देखने को मिला।
खास बात तो यह रही कि यह दिल्ली तक भी दिखाई दिया। इसी तरह इंदौर में शीतला माता बाजार से मुस्लिम कर्मचारियों को हटाने की विधायक पुत्र एकलव्य सिंह गौड़ ने गुजारिश की थी। उसके बाद कई कर्मचारियों को हटा दिया गया।
इसके पीछे हवाला दिया गया कि ऐसे कर्मचारी लव जिहाद को बढ़ावा दे रहे हैं, और उसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इसका कड़ा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने इसे संविधान विरोधी बताते हुए सर्राफा थाने में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि अभी भी शीतला बाजार में यह मामला काफी गर्म है, जगह-जगह भगवा झंडे लगाकर नया संदेश दिया जा रहा है।
इन सब बातों के इतर इंदौर से ही यातायात को लेकर भी कुछ दिन पहले नया संदेश आया था कि यातायात कर्मियों को अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी से निभाना चाहिए। क्योंकि यहां पर एक ट्रक और एक बस ने कई लोगों को रौंद दिया था।
इसी तरह नामी यातायात कर्मी रणजीत सिंह के व्यवहार को लेकर भी जो सवाल उठे और एक युवती ने कई गंभीर आरोप लगा दिए थे। उससे अन्य यातायात कर्मियों और कर्मचारियों को भी नया संदेश मिला था, कि सफलता मिलने के बाद गरिमा में रहना काफी जरूरी है। तो कुल मिलाकर हम कह सकते हैं कि इंदौर और उज्जैन कई संदेशों का गढ़ बनते जा रहे है।


