मुंबई : भारत के प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में से एक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने अपनी तकनीकी उत्कृष्टता और नवाचार का लोहा मनवाते हुए प्रतिष्ठित इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के 21वें वार्षिक बैंकिंग प्रौद्योगिकी पुरस्कार 2024-25 में बड़ी सफलता हासिल की है। बैंक ने बड़े बैंकों की श्रेणी में कुल पांच पुरस्कार जीतकर तकनीकी मोर्चे पर अपनी अग्रणी भूमिका को सिद्ध किया है। यह सम्मान बैंक द्वारा भविष्य की बैंकिंग तकनीकों को अपनाने और उन्हें सुरक्षित रूप से ग्राहकों तक पहुँचाने के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने सर्वश्रेष्ठ एआई (AI) एवं एमएल (ML) अपनाना, सर्वश्रेष्ठ फिनटेक और डीपीआई (DPI) अपनाना, सर्वश्रेष्ठ आईटी जोखिम प्रबंधन और सर्वश्रेष्ठ तकनीकी प्रतिभा जैसी चार प्रमुख श्रेणियों में ‘विजेता’ का खिताब अपने नाम किया। इसके अतिरिक्त, बैंक को ‘सर्वश्रेष्ठ प्रौद्योगिकी बैंक’ की श्रेणी में एक विशेष उल्लेखनीय पुरस्कार (Special Mention) भी प्रदान किया गया। ये पुरस्कार न केवल बैंक की डिजिटल क्षमता को दर्शाते हैं, बल्कि इसकी तकनीकी टीम की प्रतिभा और जोखिम प्रबंधन के प्रति सुदृढ़ दृष्टिकोण को भी प्रमाणित करते हैं।
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, डॉ. देबदत्त चांद ने कहा कि ये पुरस्कार नवाचार और एक मजबूत तकनीकी टीम के निर्माण के प्रति बैंक के समर्पण का प्रतिबिंब हैं। उन्होंने दोहराया कि बैंक अपने ग्राहकों को सहज और सुरक्षित बैंकिंग अनुभव देने के लिए अत्याधुनिक क्षमताओं में निवेश करना जारी रखेगा। ये सम्मान बैंक ऑफ़ बड़ौदा के उस विजन को मजबूती प्रदान करते हैं, जहाँ ग्राहकों की जरूरतों को केंद्र में रखकर डिजिटल सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जाती है।


