मुंबई : भारत की अग्रणी ट्रैक्टर और कृषि उपकरण निर्माता कंपनी, महिंद्रा एंड महिंद्रा ने मध्य प्रदेश में अपनी नई रोटावेटर सीरीज़ लॉन्च करने की घोषणा की है। यह नई रेंज न केवल देखने में ‘बोल्ड’ और आकर्षक है, बल्कि इसके चौड़े मास्ट डिज़ाइन को भारी-भरकम खेती के कार्यों में स्थायित्व और मजबूती प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है। यह सीरीज़ भारी श्रेणी के ‘महावेटर’ और ‘महावेटर एचडी’ ब्रांड के तहत 4 से 9 फुट तक की विभिन्न श्रेणियों में उपलब्ध होगी।
इस लॉन्च की एक बड़ी विशेषता ‘तेज़-ई’ (Tez-e) ब्रांड के तहत पेश किया गया ‘इंटेलिजेंट रोटावेटर’ है। यह पेटेंटशुदा तकनीक ब्लूटूथ के माध्यम से रोटावेटर को मोबाइल ऐप से जोड़ती है, जिससे किसान खेत की वास्तविक जानकारी (Real-time data) सीधे अपने फोन पर प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, देश के किसानों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए महिंद्रा ने तिरंगे से प्रेरित सीमित संस्करण (Limited Edition) भी पेश किया है, जो मेटैलिक ऑरेंज, एवरेस्ट व्हाइट और मेटालिक ग्रीन रंगों में उपलब्ध होगा।
महिंद्रा फार्म इक्विपमेंट बिज़नेस की उपाध्यक्ष और फार्म मशीनरी प्रमुख, डॉ. अनुषा कोथंदरमन ने कहा कि ये रोटावेटर न केवल उत्पादकता बढ़ाएंगे, बल्कि किसानों में अपने उपकरणों के प्रति गर्व की भावना भी पैदा करेंगे। ‘मेड इन इंडिया’ के तहत निर्मित ये रोटावेटर पंजाब के नाभा और तेलंगाना के ज़हीराबाद स्थित अत्याधुनिक इकाइयों में तैयार किए जाते हैं। कंपनी धीरे-धीरे अपने विस्तृत डीलर नेटवर्क के माध्यम से इन मॉडलों को पूरे प्रदेश के किसानों तक पहुँचाएगी।


