– इस साझेदारी के साथ TPREL की ग्रुप कैप्टिव क्षमता पहुँची 1.5 गीगावॉट पर
– हर साल 300 मिलियन यूनिट स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन, 2 लाख टन CO₂ उत्सर्जन में कटौती का लक्ष्य
– महाराष्ट्र और गुजरात स्थित टाटा मोटर्स के 6 विनिर्माण संयंत्रों को मिलेगा हरित ऊर्जा का लाभ, RE-100 और नेट-ज़ीरो के लक्ष्य की ओर बड़ा कदम
मुंबई : भारत की अग्रणी स्वच्छ ऊर्जा कंपनी टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड (TPREL) और देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स ने 131 मेगावाट के विंड-सोलर हाइब्रिड परियोजना के लिए एक महत्वपूर्ण पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) पर हस्ताक्षर किए हैं।
यह परियोजना प्रति वर्ष लगभग 300 मिलियन यूनिट हरित बिजली का उत्पादन करेगी और हर साल 2 लाख टन से अधिक कार्बन डाइऑक्साइड के उत्सर्जन को रोकने में मदद करेगी। यह ऊर्जा महाराष्ट्र और गुजरात स्थित टाटा मोटर्स के छह प्रमुख उत्पादन इकाइयों को आपूर्ति की जाएगी, जिससे कंपनी की कमर्शियल और पैसेंजर व्हीकल उत्पादन प्रक्रिया अधिक पर्यावरण-अनुकूल बन सकेगी।
यह सहयोग टाटा मोटर्स को उसके RE-100 लक्ष्य को 2030 से पहले प्राप्त करने में सहायक होगा और कंपनी के नेट-ज़ीरो उत्सर्जन दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।
TPREL द्वारा प्रदत्त यह हाइब्रिड समाधान — जिसमें सौर, पवन, फ्लोटिंग सोलर और बैटरी स्टोरेज का समावेश है — ग्राहकों को चौबीसों घंटे सस्ती और विश्वसनीय हरित ऊर्जा उपलब्ध कराता है।
TPREL पहले ही 1.5 गीगावॉट से अधिक ग्रुप कैप्टिव क्षमता को पार कर चुका है और इस परियोजना के साथ इसकी स्थिति और मजबूत होगी। स्टील, ऑटोमोबाइल, हॉस्पिटैलिटी, रिटेल एवं रियल एस्टेट जैसे कई उद्योग क्षेत्रों में TPREL की उपस्थिति है और यह विभिन्न टाटा समूह की कंपनियों जैसे टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, टाटा कम्युनिकेशंस आदि के साथ भी साझेदारी कर रहा है।


