CG Breaking News : राजधानी रायपुर में बीती देर रात मौसम ने अचानक करवट ले ली और तेज गरज-चमक के साथ कई घंटों तक बारिश हुई। इतना ही नहीं 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं। बारिश के साथ बड़े आकार के ओले भी गिरे, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सीएम साय का आज का कार्यक्रम
आज सीएम विष्णुदेव साय सुबह 11 बजे छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होंगे, जबकि शाम 7:30 बजे होली मिलन समारोह में शिरकत करेंगे। कुल मिलाकर सीएम साय आज का पूरा समय रायपुर को ही देंगे।
BJYM का होली मिलन समारोह
भाजपा युवा मोर्चा की ओर से आज शाम 7:30 बजे शहनाई गार्डन दरबार में होली मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकारीहा करेंगे। होने वाले इस आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण देव समेत कई मंत्री, सांसद और विधायक शामिल होंगे।
कांग्रेस का विधानसभा घेराव
वहीं प्रदेश कांग्रेस आज मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत दोपहर 1:30 बजे विधानसभा का घेराव करेगी। इस प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पीसीसी चीफ दीपक बैज, प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत समेत बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
सचिन पायलट का रायपुर दौरा
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट आज दोपहर 12:15 बजे रायपुर पहुंचेंगे। वे एयरपोर्ट से सीधे भारत माता चौक जाएंगे और इसके बाद विधानसभा घेराव में भाग लेंगे। दोपहर 3 बजे वे राजीव भवन पहुंचकर कांग्रेस कनेक्ट सेंटर का उद्घाटन करेंगे और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे।
विधानसभा बजट सत्र का 12वां दिन
आज विधानसभा के बजट सत्र का 12वां दिन है। प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित मंत्री टंक राम वर्मा और केदार कश्यप जवाब देंगे। वित्तमंत्री ओपी चौधरी कई पत्रों को पटल पर रखेंगे और छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक का पुनःस्थापन करेंगे। इसके अलावा कई विधायकों द्वारा ध्यानाकर्षण और याचिकाएं प्रस्तुत की जाएंगी।
रायपुर-रीवा फ्लाइट सेवा शुरू
आज से एलायंस एयर की ओर से रायपुर से रीवा के लिए सीधी फ्लाइट सेवा शुरू हो रही है। भोपाल और इंदौर के बाद रायपुर इस रूट से जुड़ने वाला तीसरा शहर बन गया है। रायपुर से रीवा का किराया 3614 रुपये और रीवा से रायपुर का किराया 4293 रुपये तय किया गया है। यात्री ऑनलाइन टिकट भी बुक कर सकते हैं।


