Dhar Police : धार जिले के बाग क्षेत्र में नकली इनकम टैक्स अधिकारी बनकर फिल्मी अंदाज में हुई करीब एक करोड़ रुपये की डकैती का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। सनसनीखेज मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 3 आरोपी अभी फरार हैं।
13 मार्च को हुई थी वारदात
घटना 13 मार्च की है, जब आरोपी काली स्कॉर्पियो से बाग पहुंचे और खुद को इनकम टैक्स व सीबीआई अधिकारी बताकर ठेकेदार राजकुमार मालवीय के घर रेड डाली। आरोपियों ने मालवीय, उनकी पत्नी और नौकरानी को कमरे में बंद कर बंधक बना लिया और घर से करीब एक करोड़ रुपये के जेवर और नकदी लूटकर फरार हो गए।
खंडवा में भी दिया वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि इसी गिरोह ने खंडवा के भामाखेड़ी में भी उसी दिन एक और लूट की वारदात को अंजाम दिया, जहां से 12 बोर की बंदूक और 1.60 लाख रुपये नकद लूटे गए।
पुलिस की कार्रवाई, हथियार, वाहन जब्त
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लाखों रुपये के आभूषण, पुलिस की वर्दी, मोनोग्राम, तलवार, अलग-अलग नंबर प्लेट और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है।
ऐसे रची गई थी डकैती की साजिश
पुलिस आईजी के अनुसार वारदात का मास्टरमाइंड देवास निवासी नरसिंह बघेल था, जो बाग और मनावर क्षेत्र में आता-जाता रहता था। उसने अपने साथियों दिनेश, रमेश और अन्य लोगों के साथ मिलकर इलाके के व्यापारियों की जानकारी जुटाई। इसके बाद नकली इनकम टैक्स और सीबीआई टीम बनाकर रेड डालने की योजना बनाई गई, ताकि डर के कारण पीड़ित पुलिस में शिकायत न करें।
स्कॉर्पियो छोड़कर भागे आरोपी
पुलिस ने जब घेराबंदी की तो आरोपी स्कॉर्पियो वाहन जंगल में छोड़कर फरार हो गए। बाद में दस्तावेजों के आधार पर वाहन मालिक और अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार, 3 फरार
पुलिस ने शाहजाद, नरसिंह बघेल, दिलीप, राजा उर्फ अब्दुल, दिनेश, आबिद, अयूब शाह और रमेश मोरी को गिरफ्तार किया है। वहीं संजय उर्फ संजीव, इकबाल और अब्दुल निसार अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने किया खुलासा
पूरे मामले का खुलासा आईजी अनुराग ने डीआईजी मयंक अवस्थी की मौजूदगी में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके किया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


