Jageshwar Ram Bhagat: छत्तीसगढ़ बीजेपी और आदिवासी समाज के लिए आज एक दुखद खबर सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर आदिवासी नेता और पूर्व विधायक जागेश्वर राम भगत का 77 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उन्होंने जशपुर के जिला अस्पताल में अंतिम सांस ली।
हार्ट अटैक से निधन
मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक जागेश्वर राम भगत को अचानक हार्ट अटैक आया था। जिसके बाद उन्हें जिला चिकित्सालय जशपुर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान ही उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व विधायक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जागेश्वर राम भगत का निधन न केवल भाजपा के लिए बल्कि पूरे आदिवासी समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
संगठन में रही महत्वपूर्ण भूमिका
आपको बता दें कि जागेश्वर राम भगत केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि एक समाज सुधारक भी थे। वे वनवासी कल्याण आश्रम के माध्यम से आदिवासियों के लिए सक्रिय रहे। निधन के समय वे सरहुल समिति के अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। जशपुर अंचल में वे लोकप्रिय आदिवासी नेता के रूप में पहचाने जाते थे। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके पैतृक निवास ले जाया गया है, जहां उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।


