Kawardha Crime : छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में शासकीय उचित मूल्य दुकान में चोरी का मामला सामने आया है। पिपरिया पुलिस थाना क्षेत्र के ग्राम बानो में अज्ञात चोरों ने राशन दुकान का ताला तोड़कर बड़ी मात्रा में सरकारी चावल और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की कीमत करीब 75 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।
26 क्विंटल चावल चोरी
जानकारी के अनुसार देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखा लगभग 53 कट्टा यानी करीब 26 क्विंटल सरकारी चावल और इलेक्ट्रॉनिक कांटा पार कर दिया। सुबह जब सोसायटी संचालक रोज की तरह दुकान पहुंचे तो ताला टूटा हुआ मिला और अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर चोरी का पता चला।
मामला दर्ज, चोरों की तलाश जारी
इसके बाद संचालक ने तुरंत संबंधित विभाग और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है।
नाबालिग की पिटाई के बाद मौत
कवर्धा में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें चोरी के शक में एक नाबालिग बच्चे की बेरहमी से पिटाई किए जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में कुछ लोग बच्चे के हाथ-पैर बांधकर डंडों से मारते दिखाई दे रहे हैं।
इलाज के दौरान बच्चे की मौत
जानकारी के मुताबिक मारपीट के बाद बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि मामले में कई सवाल भी उठ रहे हैं कि बच्चे की मौत भीड़ की पिटाई से हुई या फिर मौत का कारण कुछ और है?
कुकरापानी गांव का निवासी मृतक
बताया जा रहा है कि मृतक बालक कुकदूर थाना क्षेत्र के के कुकरापानी गांव का रहने वाला था। वहीं कुछ सूत्र इस वायरल वीडियो को मध्यप्रदेश के बरखेड़ा क्षेत्र का भी बता रहे हैं। फिलहाल वीडियो कहां का है इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। खबर डिजिटल न्यूज इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।


