इराक के नए प्रधानमंत्री Ali Falih Kadhim Al-Zaidi बन गए हैं। 40 वर्षीय अल-जैदी देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री भी हैं। उन्होंने 16 मई 2026 को अधूरी कैबिनेट के साथ शपथ ली, क्योंकि संसद अभी तक गृह और रक्षा मंत्रालय समेत कई अहम पदों पर सहमति नहीं बना सकी है।
भारत के प्रधानमंत्री Narendra Modi ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इराक के नए प्रधानमंत्री Ali Falih Kadhim Al-Zaidi को बधाई देते हुए कहा कि भारत और इराक के बीच पुराने और दोस्ताना रिश्ते हैं, जिन्हें दोनों देश मिलकर और मजबूत करेंगे। पीएम मोदी ने दोनों देशों की साझा तरक्की और खुशहाली के लिए साथ काम करने की उम्मीद भी जताई।
सरकारी इराकी न्यूज एजेंसी INA के मुताबिक, प्रधानमंत्री अल-जैदी और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों ने संवैधानिक शपथ लेकर औपचारिक रूप से जिम्मेदारी संभाल ली है। इराकी संसद ने उनकी सरकार और नीतिगत कार्यक्रमों के पक्ष में मतदान कर विश्वास जताया।
इराक के संविधान के अनुसार नई सरकार को संसद में बहुमत का समर्थन मिलना जरूरी होता है। अल-जैदी की सरकार में कुल 23 मंत्रालय होने हैं, लेकिन फिलहाल केवल 14 मंत्रालयों को मंजूरी मिली है। गृह और रक्षा मंत्रालय समेत कई अहम विभागों पर राजनीतिक दलों के बीच बातचीत जारी है।
नई सरकार में बसीम मोहम्मद को तेल मंत्री नियुक्त किया गया है, जबकि Fuad Hussein को विदेश मंत्री पद पर बरकरार रखा गया है। अल-जैदी को 27 अप्रैल को नई सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।


