28 नवंबर 2026, हिमाचल प्रदेश: हिमाचल के मैदानी इलाकों में घने कोहरे का कहर, वाहन चालकों को रही परेशानी; मौसम विभाग ने 72 घंटे का अलर्ट जारी किया - हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मैदानी इलाकों में घने कोहरे ने लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह के समय कई क्षेत्रों में विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर तक रह गई। कम दृश्यता के कारण सड़कों पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों तक कोहरे की संभावना के चलते यलो अलर्ट जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, मंडी जिले की बल्ह घाटी में, सुंदरनगर के अलावा बिलासपुर में भाखड़ा बांध के आसपास और हमीरपुर के सुजानपुर में सुबह के समय घना कोहरा देखा गया। इन इलाकों में दृश्यता कम होने के कारण आम जीवन और सड़क यातायात दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
अगले 72 घंटे को लेकर कोहरे के प्रति सावधानी बरतें
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 72 घंटों तक मैदानी इलाकों में सुबह और देर रात घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने एवं सुरक्षित दूरी बनाए रखने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
ठंड से बचने के लिए रखें इन बातों का ध्यान
बढ़ती ठंड और कोहरे के बीच लोगों को स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना चाहिए। इसके लिए घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़े, जैकेट, मफलर, टोपी और दस्ताने पहनें। सुबह जल्दी और देर रात अनावश्यक बाहर निकलने से बचें। ठंड से बचने के लिए शरीर को पर्याप्त गर्म रखें और मौसम के अनुसार खानपान व गर्म पेय पदार्थों का ध्यान रखें। बुजुर्गों, छोटे बच्चों और सांस संबंधी परेशानी वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। ठंड लगने या तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर से परामर्श लें।
नवंबर में सामान्य से 80% कम बारिश, बढ़ती ठंड और कोहरे की चिंता
प्रदेश में ठंड का असर बढ़ रहा है। ऊना, मंडी और बिलासपुर जैसे इलाकों में कुछ जगहों पर तापमान शिमला से भी नीचे चल रहा है। वहीं, नवंबर महीने में हिमाचल प्रदेश में सामान्य से लगभग 80 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में कोहरे और ठंड को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
यह भी पढ़ें - कुत्तों के झुंड से डरकर भाग रहा था 17 वर्षीय छात्र हर्षल, दुकान में गिरने से हुई मौत; CCTV में कैद हुई घटना









