नई दिल्ली/खबर डिजिटल/ कंप्यूटर या लैपटॉप पर वॉट्सएप वेब का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए केंद्र सरकार ने साइबर सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया है। गृह मंत्रालय के अधीन काम करने वाली इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने चेतावनी दी है कि वॉट्सएप वेब इस्तेमाल करते समय बरती गई छोटी सी लापरवाही भी निजी जानकारियों और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की सुरक्षा को खतरे में डाल सकती है। खासतौर पर सरकारी कर्मचारियों, ऑफिस में काम करने वाले लोगों और गोपनीय सूचनाओं का आदान-प्रदान करने वाले यूजर्स को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
अकाउंट से लॉगआउट करें
एडवाइजरी के मुताबिक, किसी दूसरे कंप्यूटर या लैपटॉप पर वॉट्सएप वेब चलाने के बाद अकाउंट से लॉगआउट नहीं करना भारी पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में कोई दूसरा व्यक्ति आपके अकाउंट तक पहुंच बना सकता है और निजी चैट, संपर्कों, कार्यालय से जुड़े दस्तावेजों तथा अन्य संवेदनशील जानकारियों का गलत इस्तेमाल कर सकता है।
सिर्फ ब्राउजर बंद करने से सुरक्षित नहीं होगा आपका अकाउंट
अक्सर लोग ऑफिस, साइबर कैफे या किसी दूसरे व्यक्ति के कंप्यूटर पर वॉट्सएप वेब इस्तेमाल करने के बाद सीधे ब्राउजर बंद कर देते हैं। उन्हें लगता है कि ब्राउजर बंद होते ही उनका वॉट्सएप अकाउंट भी लॉगआउट हो गया होगा। लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। कई मामलों में ब्राउजर बंद करने के बाद भी लॉगिन सेशन सक्रिय रह सकता है।ऐसे में यदि कोई अन्य व्यक्ति उसी कंप्यूटर पर दोबारा ब्राउजर खोलता है, तो उसे आपके वॉट्सएप अकाउंट तक पहुंच मिल सकती है। इससे आपकी निजी बातचीत और महत्वपूर्ण जानकारियां दूसरों के हाथ लगने का खतरा बढ़ जाता है।
सावधानी को नहीं करें नजरअंदाज
इसलिए किसी भी सार्वजनिक या साझा कंप्यूटर पर वॉट्सएप वेब का इस्तेमाल करने के बाद केवल ब्राउजर बंद करने के बजाय अकाउंट से बाकायदा लॉगआउट करना जरूरी है। खासतौर पर सरकारी और कार्यालय से जुड़े संवेदनशील कामों के दौरान इस सावधानी को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।








