नेशनल डेस्क/खबर डिजिटल/ असम के काजीरंगा में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कई लोगों की जान चली गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स ने 12 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या 23 बताई जा रही है। मृतकों में ज्यादातर छात्र बताए जा रहे हैं।
भीषण टक्कर के बाद हादसा
टक्कर इतनी भीषण थी कि मिनी बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बस में सवार कई यात्री अंदर ही फंस गए। राहत और बचाव दल को यात्रियों को बाहर निकालने के लिए बस के हिस्सों को काटना पड़ रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस में कुल कितने लोग सवार थे, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है।
तेज रफ्तार में थी मिनी बस, चालक ने खोया नियंत्रण
गोलाघाट के एसएसपी स्वप्ननील डेका ने बताया कि मिनी बस बोकाखाट से नगांव की ओर जा रही थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया, गंभीर मरीज जोरहाट रेफर
दुर्घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने तत्काल राहत अभियान शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए कोहोरा मॉडल अस्पताल ले जाया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल यात्रियों की हालत को देखते हुए उन्हें जोरहाट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटनास्थल पर बचाव अभियान जारी है और बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
असम में पांच साल में सड़क हादसों में 15 हजार से ज्यादा मौतें
असम में सड़क दुर्घटनाओं का बढ़ता आंकड़ा चिंता का विषय बना हुआ है। केंद्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2020 से 2024 के बीच राज्य में सड़क हादसों के कारण 15,306 लोगों की मौत हुई। आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में सबसे ज्यादा 3,351 लोगों ने सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाई। इससे पहले 2023 में 3,296 और 2022 में 2,994 लोगों की मौत दर्ज की गई थी। काजीरंगा में हुआ ताजा हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।








