नई दिल्ली/खबर डिजिटल/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 नवंबर को केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक को लेकर केंद्र सरकार में तैयारियां शुरू हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, पिछले 12-13 वर्षों में देश के 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने की उपलब्धि के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है। बैठक में इस उपलब्धि पर चर्चा के साथ कुछ अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं और नई योजनाएं भी सामने आ सकती हैं।
राज्य मंत्रियों को कार्यक्रम रद्द करने के निर्देश
बैठक को लेकर सबसे खास बात यह है कि सभी राज्य मंत्रियों को 18 नवंबर को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए उन्हें अपने पहले से तय कार्यक्रमों को रद्द करने या उनमें बदलाव करने को कहा गया है। मंत्रियों की अनिवार्य उपस्थिति को देखते हुए बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नई योजनाओं और घोषणाओं पर भी नजर
सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय मंत्रिपरिषद की इस बैठक में सरकार की उपलब्धियों के साथ आगे की योजनाओं और संभावित नई घोषणाओं पर भी चर्चा हो सकती है। हालांकि, बैठक के एजेंडे और संभावित घोषणाओं को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में 18 नवंबर की बैठक पर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की नजर रहेगी।









