नई दिल्ली/खबर डिजिटल/ देश की राजनीति में एक बार फिर नया मोड़ आया है, जब राऊज एवेन्यू कोर्ट ने बहुचर्चित आबकारी नीति यानी शराब घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित मनीष सिसोदिया और अन्य सभी 23 आरोपियों को पूरी तरह दोषमुक्त कर दिया। इस फैसले के आने के बाद केजरीवाल की आंखों में आंसू आ गए, उसके बाद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर जमकर हमला बोला, उन्होंने कहा कि केजरीवाल को हटाने का एक ही तरीका है, उनकी हत्या करा दें, साथ ही उन्होंने चैलेंज किया की अभी चुनाव कराएं, अगर बीजेपी को 10 से अधिक सीटें आई तो राजनीति छोड़ दूंगा।
केजरीवाल ने दिया जज को धन्यवाद
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अरविंद केजरीवाल बेहद ही भावुक नजर आए, उन्होंने कोर्ट के फैसले को ‘ईमानदारी की सबसे बड़ी जीत’ की बड़ी जीत करार दिया। केजरीवाल के निशाने पर जांच एजेंसियों रही, जेल के दिनों के अनुभव को भी साझा किया। जज को धन्यवाद देते हुए केजरीवाल ने कहा कि जज साहब ने बहुत हिम्मत दिखाई, आज का दिन भारत के लोकतंत्र के लिए स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा, मैं विशेष रूप से जज साहब का शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने भारी दबाव के बावजूद सच का साथ दिया और हिम्मत दिखाई, कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि पूरा केस केवल अनुमानों और झूठी गवाहियों पर आधारित था, इसके बाद केजरीवाल ने उनका केस लड़ने वाले वकीलों की टीम को भी धन्यवाद दिया।
आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार – केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैंने जिंदगी में एक पैसा नहीं कमाया है, मैंने ईमानदारी कमाई है, कोर्ट के ऑर्डर से साबित हो गया कि केजरीवाल कट्टर ईमानदार है, मनीष सिसोदिया कट्टर ईमानदार है, संजय सिंह कट्टर ईमानदार है। आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदारी पार्टी है, कई लोग कहते हैं जेल से आने के बाद केजरीवाल चुप क्यों है? मैं कोई नेता नहीं हूं, मुझे फर्क पड़ता है मुझे जब जेल भेजा जाता है, परिवार पर ताने मारे जाते हैं तो केजरीवाल को फर्क पड़ता है, इसलिए मैंने तय किया कि जब सारे देश के सामने निर्दोष साबित हो जाऊंगा, तब चुप्पी तोडूंगा। इसीलिए आज मेरे दिल से बहुत बड़ा बोझ उतर गया।
भाजपा और कांग्रेस को लिया आड़े हाथों
अरविंद केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सारे मामले को राजनीतिक षड्यंत्र बताया. उन्होंने कहा कि दो साल तक हजारों पन्नों की चार्जशीट दाखिल की गई, लेकिन अंत में निकला महज शून्य। मुझे और मेरे साथियों को जेल में डालकर पार्टी तोड़ने की कोशिश की गई, लेकिन हम टूटे नहीं. हमें ‘चोर’ और ‘भ्रष्ट’ साबित करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन आज कोर्ट ने मुहर लगा दी कि हम ‘कट्टर ईमानदार’ हैं। केजरीवाल ने कांग्रेस को भी जमकर घेरा और कहा कि केजरीवाल जेल गया क्या रॉबर्ट वाड्रा आज तक जेल गया, मनीष सिसोदिया तो जेल गया लेकिन क्या राहुल गांधी जेल गया? संजय सिंह जेल गया तो क्या सोनिया गांधी जेल गईं, कांग्रेस वालों को शर्म आनी चाहिए।
1 मार्च को ‘महारैली’ का आयोजन
केजरीवाल कोर्ट के फैसला आने के बाद उत्साहित नजर आए, उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि 1 मार्च को जंतर-मंतर पर एक विशाल ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर दिल्ली में बस मार्शल, मोहल्ला क्लिनिक कर्मचारियों और डेटा एंट्री ऑपरेटरों को नौकरी से निकालने का आरोप लगाया। साथ ही बताया कि ‘विक्टिम कार्ड’ के बजाय अब वे ‘क्लीन चिट’ को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाकर जनता के बीच जाएंगे। दिल्ली की सियासत में यह फैसला एक निर्णायक मोड़ साबित होने वाला है।


