एलपीजी गैस उपभोक्ताओं के लिए एक अहम बदलाव सामने आया है, जिसका सीधा असर उन लोगों पर पड़ेगा जिनके पास दो सिलेंडर का कनेक्शन है. नई व्यवस्था के अनुसार अब ऐसे ग्राहकों को गैस रिफिल बुक कराने के लिए पिछली डिलीवरी के बाद कम से कम 35 दिन का इंतजार करना होगा. पहले यह अंतराल 25 दिनों का था. यानी अब पहले की तरह तुरंत अगला सिलेंडर मंगवाना संभव नहीं होगा. इस बदलाव का उद्देश्य गैस वितरण प्रणाली को अधिक संतुलित और पारदर्शी बनाना बताया जा रहा है. कई बार देखा गया है कि कुछ उपभोक्ता जरूरत से ज्यादा सिलेंडर जल्दी बुक कर लेते थे, जिससे अन्य लोगों को समय पर गैस नहीं मिल पाती थी. इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए यह नया नियम लागू किया गया है, ताकि सभी ग्राहकों को बराबरी से सुविधा मिल सके.
अब 35 दिनों पर मिलेगा सिलेंडर
अब जिन घरों में दो सिलेंडर हैं, उन्हें अपने उपयोग की योजना पहले से बनानी होगी. अगर एक सिलेंडर खत्म हो जाता है तो दूसरे का इस्तेमाल करते हुए उन्हें निर्धारित समय का इंतजार करना पड़ेगा. इस दौरान वे तुरंत नया सिलेंडर बुक नहीं कर पाएंगे. इसलिए जरूरी है कि लोग अपने गैस इस्तेमाल को समझदारी से मैनेज करें ताकि किसी तरह की परेशानी न हो. जिन लोगों के पास सिर्फ एक ही सिलिंडर वाला कनेक्शन है, वे 25 दिन बाद नया सिलिंडर बुक कर सकते हैं.
गैस कंपनियों का कहना है कि इस फैसले से सप्लाई चेन बेहतर होगी और जरूरतमंद उपभोक्ताओं तक समय पर सिलेंडर पहुंच सकेगा. खासकर उन इलाकों में जहां गैस की मांग ज्यादा रहती है, वहां इस नियम से काफी मदद मिलने की उम्मीद है. हालांकि इस बदलाव को लेकर कुछ उपभोक्ताओं ने चिंता भी जताई है. उनका कहना है कि अगर किसी घर में गैस का उपयोग ज्यादा होता है तो 35 दिन का इंतजार करना मुश्किल हो सकता है. ऐसे में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. फिलहाल यह नियम लागू कर दिया गया है और उपभोक्ताओं को इसका पालन करना जरूरी होगा. बेहतर यही होगा कि लोग अपने गैस इस्तेमाल की आदतों में थोड़ा बदलाव लाएं और पहले से योजना बनाकर चलें. इससे न सिर्फ उन्हें किसी असुविधा से बचने में मदद मिलेगी बल्कि गैस वितरण व्यवस्था भी सुचारू रूप से चल सकेगी.
यह भी पढ़ें- Weather Update: मध्यप्रदेश में बारिश और आंधी का अलर्ट, इन राज्यों में अचानक बदलेगा मौसम, लेटेस्ट अपडेट


