भारत को 2047 तक विकसित अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य केवल सरकारी नीतियों से पूरा नहीं होगा, बल्कि इसमें उद्योगों, निवेशकों और उद्यमियों की भी अहम भूमिका होगी। इसी दिशा में देश के कारोबारी जगत और नीति निर्माताओं को एक मंच पर लाने के लिए फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) का वार्षिक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 नवंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में इस सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
सम्मेलन सुबह करीब 11 बजे शुरू होगा। प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इसमें कॉर्पोरेट जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (CEO), राजदूतों, राजनयिकों और नीति निर्माताओं सहित 2,500 से अधिक लोग शामिल होंगे। इस वर्ष सम्मेलन की थीम 'भारत 2047' रखी गई है, जिसका उद्देश्य स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की आर्थिक संभावनाओं पर चर्चा करना है।
उद्योगों की भूमिका पर रहेगा जोर
सम्मेलन में भारत की आर्थिक वृद्धि, वैश्विक प्रतिस्पर्धा और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी। इसके अलावा अगली पीढ़ी के आर्थिक सुधार, मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की मजबूती और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भूमिका पर भी नीतिगत संवाद आयोजित किए जाएंगे।
इस दौरान FICCI का इनोवेशन चैलेंज भी खास आकर्षण रहेगा, जहां युवा नवाचारियों को अपने विचार निवेशकों और उद्योग जगत के सामने रखने का अवसर मिलेगा।
100 साल पूरे करने जा रहा FICCI
यह आयोजन FICCI के लिए भी खास है। 7 अप्रैल 1927 को स्थापित यह संगठन 2026-27 में अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे करेगा। वर्तमान में यह सार्वजनिक, निजी और बहुराष्ट्रीय क्षेत्रों की 2.5 लाख से अधिक कंपनियों का प्रतिनिधित्व करता है।
ऐसे में यह सम्मेलन केवल कारोबारी बैठक नहीं, बल्कि आने वाले दो दशकों में भारत की आर्थिक दिशा और विकास में उद्योगों की भागीदारी पर विचार करने का एक महत्वपूर्ण मंच होगा।









