नई दिल्ली/खबर डिजिटल/ लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सत्ता पक्ष पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं चूक रहे हैं। पिछले दिनों सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन के दौरान उनके भाषण में कही बातों को ट्रोल किया जा रहा था। खासकर सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों ने उस पर जमकर टिप्पणी की। कई मतलबों के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट, कमेंट्स की लाईन लगा दी गई, जिसका जवाब राहुल गांधी ने अपने लहजे में दिया है।
सोशल मीडिया पर राहुल गांधी की पोस्ट
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर भगवान शंकर और पार्वती की श्रृंगार रस से परिपूर्ण प्रतिमा की तस्वीर पोस्ट कर लिखा कि 'डर, क्रोध और नफरत ने भाजपा और आरएसएस समर्थकों के दिलों में एक ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम को महसूस करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है। एक सच्चे हिंदू के नाते, मेरा कर्तव्य है कि मैं उन्हें इस जाल से मुक्त करूं, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनत्व की अद्भुत सुंदरता और आनंद का अनुभव कर सकें। सत्यम शिवम सुंदरम।'
खुद को बताया सच्चा हिंदू
लोकसभा नेता प्रतिपक्ष ने सोशल मीडिया पोस्ट में खुद को सच्चा हिंदू बताया है, जोकि बेहद ही खास है, चूंकि दावा किया जाता है कि आरएसएस हिंदूओं का एक संगठन है, जोकि राष्ट्र निर्माण के कार्य में लगा रहता है। राहुल गांधी के खुद को सच्चा हिंदू बताने पर आने वाले दिनों में सोशल मीडिया पर और भी प्रतिक्रियाएं आने की संभावना जताई जा रही है, जिसमें उनके कुछ पुराने फोटो भी पोस्ट किया जा सकते हैं।









