कई लोग खाने के साथ कच्चा प्याज खाना पसंद करते हैं, खासकर सलाद के रूप में. यह स्वाद बढ़ाने के साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है, लेकिन हर व्यक्ति के लिए कच्चा प्याज फायदेमंद हो, यह जरूरी नहीं है. कुछ लोगों को इसे खाने से परेशानी भी हो सकती है, इसलिए उन्हें इससे दूरी बनाकर रखनी चाहिए. दरअसल कच्चे प्याज में ऐसे तत्व होते हैं जो कुछ लोगों के पाचन तंत्र पर असर डालते हैं. इसमें मौजूद सल्फर कंपाउंड और कुछ खास कार्बोहाइड्रेट पेट में गैस और सूजन पैदा कर सकते हैं. यही वजह है कि जिन लोगों का पेट संवेदनशील होता है, उन्हें कच्चा प्याज खाने के बाद भारीपन या असहजता महसूस हो सकती है.
इन लोगों को नहीं खानी चाहिए प्याज
सबसे पहले बात करें उन लोगों की जिन्हें इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम यानी IBS की समस्या है. ऐसे लोगों के लिए कच्चा प्याज नुकसानदायक साबित हो सकता है. इसमें मौजूद FODMAP तत्व पेट में जाकर ठीक से पच नहीं पाते और गैस, दर्द या दस्त जैसी समस्या बढ़ा सकते हैं. इसलिए ऐसे लोगों को डॉक्टर अक्सर कच्चा प्याज कम या बिल्कुल न खाने की सलाह देते हैं.
जिन लोगों को एसिडिटी या सीने में जलन की शिकायत रहती है, उन्हें भी कच्चे प्याज से सावधान रहना चाहिए. यह पेट में एसिड को बढ़ा सकता है और जलन की समस्या को और गंभीर बना सकता है. कई बार खाली पेट या रात में कच्चा प्याज खाने से यह परेशानी ज्यादा महसूस होती है.
कुछ लोगों को प्याज से एलर्जी भी हो सकती है. हालांकि यह कम देखने को मिलता है, लेकिन ऐसे मामलों में त्वचा पर खुजली, सांस लेने में दिक्कत या अन्य एलर्जिक रिएक्शन हो सकते हैं. अगर किसी को ऐसा अनुभव होता है तो तुरंत कच्चा प्याज खाना बंद कर देना चाहिए.
इसके अलावा जिन लोगों का पेट जल्दी खराब हो जाता है या जिन्हें बार बार गैस और ब्लोटिंग की समस्या रहती है, उन्हें भी कच्चा प्याज सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए. कच्चे प्याज में मौजूद फ्रक्टान नाम का तत्व आंतों में जाकर फर्मेंट होता है, जिससे गैस बनने लगती है.
कुछ लोगों को कच्चा प्याज खाने के बाद मुंह से तेज बदबू और शरीर की गंध की समस्या भी हो जाती है. ऐसा इसमें मौजूद सल्फर कंपाउंड की वजह से होता है. हालांकि यह कोई गंभीर समस्या नहीं है, लेकिन कई लोगों के लिए यह असहज स्थिति बना सकती है.
ऐसा नहीं है कि कच्चा प्याज पूरी तरह नुकसानदायक है. इसमें एंटीऑक्सीडेंट और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं जो शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं. लेकिन इसे अपनी बॉडी के अनुसार ही खाना चाहिए. अगर खाने के बाद कोई दिक्कत महसूस हो, तो इसे पकाकर खाना बेहतर विकल्प हो सकता है.
यह भी पढ़ें-इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी
यह भी पढें-New COVID Variant BA.3.2 Cicada: फिर कोरोना की एंट्री, जानें लक्षण और बचाव के तरीके
यह भी पढें-MP Pension Scheme: 55 लाख लोगों की बल्ले-बल्ले! सरकार ने ट्रांसफर किए करोड़ों रुपये, चेक करें अपना नाम
यह भी पढ़ें-MP में बिजली ने रुलाया, हुई इतनी महंगी, 1 अप्रैल से लगेगा झटका


