सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी — शहर में स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ी एक गंभीर लापरवाही सामने आई है, जहां मेडिकल स्टोर संचालक नियमों को ताक पर रखकर दवाओं का कारोबार करते पकड़े गए। प्रशासन की जांच में बड़ा खुलासा होने के बाद 6 मेडिकल स्टोर्स के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।जानकारी के अनुसार, औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के नियमों की लगातार अनदेखी की जा रही थी। ड्रग इंस्पेक्टर सोनम जैन द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं, जिससे साफ है कि मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था।विभाग ने पहले 15 अप्रैल 2026 को संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था, लेकिन जवाब इतना कमजोर और असंतोषजनक रहा कि प्रशासन को सख्त कदम उठाने पड़े।कार्रवाई के तहत झिंझरी क्षेत्र के विद्या मेडिकल, महाकाल मेडिकल और गौतम मेडिकल समेत कटनी शहर के मोहित फार्मेनिक, मनोज मेडिकोज और ओम साईं मेडिकोज के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इनमें से 5 मेडिकल स्टोर्स 7 दिन और एक मेडिकल स्टोर 3 दिन तक पूरी तरह बंद रहेंगे।सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिन दुकानों पर लोगों को जीवनरक्षक दवाएं मिलनी चाहिए, वहीं नियमों की अनदेखी कर कारोबार चलाया जा रहा था। यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम जनता की सेहत के साथ सीधा खिलवाड़ भी है।प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि निलंबन अवधि के दौरान यदि कोई मेडिकल स्टोर संचालित पाया गया, तो और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।अब बड़ा सवाल यह है कि क्या इस कार्रवाई के बाद बाकी मेडिकल स्टोर संचालक सबक लेंगे, या फिर मरीजों की जिंदगी यूं ही खतरे में डालते रहेंगे?
खबर डिजिटल संवाददाता सौरभ श्रीवास्तव कटनी मो. 9131308097


