सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी
गर्मी से पहले तैयारियां पूरी, मझगवां के जंगलों में पशु-पक्षियों के लिए सीमेंट के कुंड बनाए
कटनी/बड़वारा–जैसे-जैसे गर्मी का मौसम नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे जल संकट की चिंता भी बढ़ने लगी है। ऐसे में कटनी जिले के बड़वारा वन परिक्षेत्र के मझगवां जंगल से एक सराहनीय पहल सामने आई है, जहां उम्मीद ग्रुप के सदस्यों ने वन्य जीवों के लिए पानी की व्यवस्था कर इंसानियत की मिसाल पेश की है।उम्मीद ग्रुप के सदस्यों ने मझगवां के जंगलों में जगह-जगह सीमेंट के बड़े कुंड बनवाए हैं, ताकि भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों को पानी के लिए भटकना न पड़े। इन कुंडों में पर्याप्त मात्रा में पानी संग्रहित किया जा सकेगा, जिससे जंगल में रहने वाले जीव अपनी प्यास आसानी से बुझा सकेंगे।ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि उनके संगठन में करीब 100 लोग जुड़े हुए हैं, जो पिछले एक वर्ष से लगातार समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी समूह द्वारा जंगल में प्लास्टिक के 10 टब लगाए गए थे, लेकिन उनमें पानी की क्षमता कम होने के कारण इस बार स्थायी समाधान के रूप में सीमेंट के 3 बड़े कुंड बनाए गए हैं।स्थानीय लोगों और वन्य प्रेमियों ने इस पहल की जमकर सराहना की है। यह प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि वन्य जीवों के प्रति संवेदनशीलता का भी उदाहरण प्रस्तुत करता है।कहा जाता है कि “जीवों की सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है” — और उम्मीद ग्रुप ने इस कहावत को साकार कर दिखाया है।


