सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी— जिला पत्रकार संघ द्वारा 4 अप्रैल 2026, शनिवार को होटल उर्वशी में पत्रकार मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के वरिष्ठ पत्रकारों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं मीडिया जगत से जुड़े लोगों की गरिमामयी उपस्थिति में आपसी सौहार्द, संवाद और उत्साह का माहौल देखने को मिला।समारोह में पत्रकारों ने वर्तमान समय में पत्रकारिता के सामने खड़ी चुनौतियों पर गंभीर चर्चा करते हुए निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यात्मक पत्रकारिता के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम में आपसी समन्वय और भाईचारे की भावना साफ झलक रही थी।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार कृष्णकांत अग्निहोत्री रहे, जबकि अध्यक्षता कलेक्टर आशीष तिवारी ने की। विशिष्ट अतिथियों में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, वरिष्ठ पत्रकार प्रियदर्शन गौर, संपादक आशुतोष शुक्ला, अधिवक्ता एवं पत्रकार अश्वनी बड़गैया और जनसंपर्क अधिकारी मनोज श्रीवास्तव शामिल रहे।कार्यक्रम का संचालन संतोष मिश्रा और भवानी तिवारी ने किया। प्रारंभ में जिला पत्रकार संघ के पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों का तिलक वंदन एवं पुष्पहार से स्वागत किया गया। इसके बाद पत्रकारों ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर शुभकामनाएं दीं।जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष विवेक शुक्ला ने अपने स्वागत उद्बोधन में बताया कि संघ की स्थापना वर्ष 1970 में पत्रकारों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने कहा कि बदलते समय में पत्रकारिता के सामने नई चुनौतियां खड़ी हैं, जिन्हें एकजुट होकर सामना करना होगा। इस दौरान उन्होंने शेर पढ़ा—”हम लोहे को काट रहे हैं, कागज की तलवारों से” — जो वर्तमान परिस्थितियों को दर्शाता है।वरिष्ठ पत्रकार प्रियदर्शन गौर ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारिता तेज और प्रभावी तो हुई है, लेकिन निष्पक्षता और तथ्यात्मकता बनाए रखना सबसे जरूरी है। वहीं अश्वनी बड़गैया ने पत्रकारों की स्वतंत्रता पर जोर देते हुए कहा कि सच्ची पत्रकारिता की ताकत हमेशा कायम रहती है।कलेक्टर आशीष तिवारी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मिलन समारोह पत्रकारों के मनोबल को बढ़ाते हैं और उन्हें तनावपूर्ण कार्य के बीच सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने समय-समय पर ऐसे आयोजन करने की आवश्यकता बताई।कार्यक्रम के अंत में भवानी तिवारी ने आभार व्यक्त करते हुए कलेक्टर की कार्यशैली की सराहना की और भावपूर्ण पंक्तियों के माध्यम से सम्मान प्रकट किया।समारोह में शहर के अनेक वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों की उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम और अधिक गरिमामय एवं सफल बना
पत्रकारों के बीच बढ़ा सौहार्द, मिलन समारोह में छलका उत्साह
सम्बंधित ख़बरें


