सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी
सिंगल रोड पर दोतरफा आवागमन से बढ़ी समस्या, ट्रैफिक पॉइंट बनाने की उठी मांग
कटनी— शहर के बरगवा क्षेत्र में चल रहे सीवर निर्माण कार्य के चलते आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सिंगल रोड पर दोनों तरफ से वाहनों का आवागमन होने के कारण हनुमान मंदिर के सामने आए दिन भीषण जाम की स्थिति बन रही है।स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह और शाम के समय हालात और भी गंभीर हो जाते हैं, जब स्कूल बसों, ऑटो और अन्य वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। जाम के चलते लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है, जिससे न केवल समय की बर्बादी हो रही है बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।गौरतलब है कि इस गंभीर समस्या के बावजूद यातायात विभाग के जिम्मेदार अधिकारी अब तक यहां कोई स्थायी ट्रैफिक पॉइंट स्थापित नहीं कर पाए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि यहां एक ट्रैफिक पॉइंट बनाकर एक सिपाही की तैनाती कर दी जाए, तो जाम की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस ओर ध्यान देते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके। फिलहाल, यातायात व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता साफ नजर आ रही है।


