भोपाल/परवेज खान/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में सड़क निर्माण एजेंसियों की लापरवाही का नतीजा क्या होता है, इसकी एक और तस्वीर भोपाल में देखने को मिल गई, जब बिलखिरिया के पास एक सड़क का करीब 100 मीटर का हिस्सा धंस गया। इसके बाद एक तरफ की रोड बंद करना पड़ी। यह सड़क एमपीआरडीसी की है, जो इंदौर, होशंगाबाद, जबलपुर, जयपुर, मंडला, सागर को जोड़ती है।
भरी दोपहर धंसी सड़क
सोमवार को दिन के 12 से 1 बजे के बीच की घटना है। मंडीदीप से ईंटखेड़ी की ओर जाने वाले ब्रिज के पास का हिस्सा करीब 100 मीटर धंस गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ, क्योंकि वहां से कोई नहीं गुजर रहा था। वहीं रिटेनिंग वॉल गिरने का वीडियो भी सामने आया है, जोकि सोशल मीडिया की सुर्खियां बटोर रहा है।
पुलिस ने किया ट्रैफिक डायवर्ट
सड़क धंसने के बाद पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया, ब्रिज धंसने के बाद ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया, साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई, जोकि जल्द मौके पर पहुंच गए और स्थिति को सामान्य करने के काम में जुट गए।
स्थानीय लोगों ने लगाया आरोप
आसपास के किसानों का कहना है कि मेंटेनेंस के नाम पर लीपा-पोती कर दी जाती है, यदि समय पर उचित तरीके से ध्यान दिया जाता है, तो इस तरह की घटना नहीं घटती। कई बार मेंटेनेंस करने वाले महज खानापूर्ति करके चल जाते हैं।
PWD मंत्री का बयान आ रहा याद
एक बार फिर सड़क धंसने पर पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह का बयान याद आ गया, जब उन्होंने कहा था कि अभी ऐसी कोई तकनीक नहीं आई है, जिसके आधार पर कह सकें कि ऐसी सड़क बनाएंगे जिस पर कभी गड्ढा होगा ही नहीं। जब तक सड़कें रहेंगी तब तक गड्ढे होते रहेंगे।


