सागर/ हर्षित पाण्डेय/ खबर डिजिटल/ सागर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जैसीनगर क्षेत्र के ग्राम करैया में शुक्रवार दोपहर माध्यमिक शाला के 12 से अधिक बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इनमें 5 बच्चियां और 7 बच्चे शामिल हैं। बच्चों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां सभी का इलाज जारी है।
3 बच्चे जिला अस्पताल रेफर
डॉक्टरों के अनुसार, स्कूल से लौटते समय बच्चों ने रतनजोत के बीज खा लिए, जिसके बाद सभी की तबीयत एक साथ बिगड़ने लगी। हालत नाजुक देखते हुए 3 बच्चों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्रशासनिक तंत्र हुआ सक्रिय
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम और जनपद पंचायत के सीईओ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और बच्चों की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंचकर अन्य बच्चों और अभिभावकों से भी पूछताछ कर रही है।


