कटनी – लखेरा स्थित विवेकानंद वार्ड में रविवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। पीपल का एक बड़ा पेड़ अचानक गिर पड़ा, जिससे वहां खेल रहे दो बच्चे मामूली रूप से घायल हो गए। गनीमत रही कि कोई गंभीर अनहोनी नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह वही पेड़ है जिसका तीन हिस्से पहले ही गिर चुके हैं और चौथा हिस्सा भी किसी भी समय गिर सकता है। पेड़ मकानों के बिल्कुल सटे होने से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
निवासियों ने बताया कि पार्षद द्वारा करीब एक माह पहले ही नगर निगम को लिखित सूचना दी गई थी कि पीपल के पेड़ की कटिंग कराई जाए, लेकिन निगम प्रशासन ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों का कहना है कि निगम बड़ी घटना होने का इंतजार कर रहा है।
वार्डवासियों ने मांग की है कि नगर निगम तत्काल मौके का निरीक्षण कर पेड़ की कटिंग कराए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।


