सिवनी/राकेश यादव/खबर डिजिटल/ सिवनी जिले के बंडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राहीवाड़ा में एक 12 चक्का ट्राला पिछले करीब 20 दिनों से लावारिस हालत में खड़ा होने से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। लंबे समय से एक ही स्थान पर खड़े इस ट्राले को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
बिना चालक के सड़क पर खड़ा
जानकारी के अनुसार ट्राला क्रमांक MH40LT 2886 ग्राम राहीवाड़ा में श्री हरि दर्शन लान के पास खड़ा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यह वाहन पिछले लगभग 20 दिनों से बिना चालक के यहां खड़ा है, जिससे लोगों में संदेह और चिंता का माहौल बन गया है।
पहले सड़क के बीच खड़ा था ट्राला
ग्रामीणों ने बताया कि शुरुआत में ट्राला गांव के बीच सड़क पर खड़ा था, जिससे आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी। इसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर वाहन को सड़क किनारे खड़ा करवा दिया, ताकि यातायात बाधित न हो।
पुलिस ने शुरू की जांच
ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद बंडोल पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक ट्राले के मालिक और चालक से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अभी तक उनसे संपर्क नहीं हो पाया है।
कई तरह की चर्चाएं
ट्राला इतने लंबे समय से लावारिस खड़ा होने के कारण ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। फिलहाल पुलिस वाहन के मालिक और चालक की तलाश में जुटी हुई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ट्राला इतने दिनों से यहां क्यों खड़ा है और इसके पीछे क्या वजह है।


