फिटनेस निरस्त और चालक का लाइसेंस निलंबित, लापरवाही पर उठे सवाल
सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी— कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत लमतरा फ्लाईओवर के पास हुई बस दुर्घटना के बाद परिवहन विभाग की कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के बाद बस का फिटनेस प्रमाण पत्र निरस्त किया गया और चालक का लाइसेंस 3 माह के लिए निलंबित कर दिया गया, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह कार्रवाई पहले क्यों नहीं की गई।दुर्घटनाग्रस्त बस क्रमांक एमपी 53 पी 0214 लंबे समय से सड़कों पर दौड़ रही थी। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या बिना उचित फिटनेस जांच के ही वाहन संचालन की अनुमति दी जा रही थी? यदि समय रहते जांच और कार्रवाई होती, तो शायद हादसे को टाला जा सकता था।परिवहन विभाग द्वारा मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 56 (4) के तहत फिटनेस निरस्त करने की बात कही गई है, लेकिन यह कार्रवाई दुर्घटना के बाद की गई, जो विभागीय लापरवाही की ओर इशारा करती है।वहीं बस चालक अवधराज सिंह का लाइसेंस 3 माह के लिए निलंबित किया गया है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल निलंबन से समस्या का समाधान नहीं होगा। जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर भी जांच होना चाहिए।इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।


