सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता खबर डिजिटल कटनी— माधवनगर थाना क्षेत्र स्थित अजय फुट रबर प्लांट में सोमवार शाम अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री से उठती ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री व्यवसायी मनीष घई की है। आग की चपेट में आने से प्लांट में रखा भारी मात्रा में रबर सामग्री और मशीनरी जलने की आशंका जताई जा रही है, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की संभावना है।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फैक्ट्री में काम कर रहे सभी मजदूरों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते रेस्क्यू किए जाने से कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।मौके पर माधवनगर थाना पुलिस भी पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए पूरे क्षेत्र को घेराबंदी में ले लिया। दमकल और पुलिस की टीम संयुक्त रूप से राहत कार्य में जुटी रही। फिलहाल आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।
अजय फुट रबर प्लांट में भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप
सम्बंधित ख़बरें
