आलीराजपुर/कुलदीप खराड़ीया/खबर डिजिटल/ कलेक्टर नीतू माथुर ने टीएल बैठक में समय सीमा से जुड़े प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सबसे पहले सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित शिकायतों का शीघ्र निपटान करने को कहा। उन्होंने उन विभागों को कड़ी चेतावनी दी जो सी और डी ग्रेड में हैं और कहा कि वे ए ग्रेड में आएं, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ वेतन कटौती की कार्रवाई की जाएगी।
ई-केवाईसी प्रगति की समीक्षा
इसके बाद ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाकर सभी नागरिकों का अपडेट समय पर किया जाए।
संकल्प से समाधान अभियान की समीक्षा
कलेक्टर ने संकल्प से समाधान अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि कोई भी पात्र नागरिक योजनाओं से वंचित नहीं रहे। जो लाभार्थी तकनीकी या अन्य कारणों से लाभ नहीं ले पाए हैं, उन्हें अभियान के माध्यम से लाभान्वित किया जाए।
अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों की समीक्षा
बैठक में अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा हुई। कलेक्टर ने कहा कि जो आवेदक पात्र हैं और जिन विभागों में पद रिक्त हैं, वहां नियमानुसार नियुक्ति की जाए।
गणतंत्र दिवस की तैयारियों की समीक्षा
अंत में आगामी गणतंत्र दिवस की तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिए गए दायित्व समय सीमा में पूर्ण करें और कोई तैयारी अधूरी न रहे।


