नवगठित नगर पंचायत बम्हनीडीह में होने वाले पहले चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. अध्यक्ष पद के लिए भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी समेत कुल पांच उम्मीदवार मैदान में उतर चुके हैं. ऐसे में चुनावी मुकाबला काफी रोचक होता नजर आ रहा है और सभी दल जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं. कांग्रेस ने चुनाव प्रचार को मजबूत करने के लिए बड़े नेताओं को मैदान में उतार दिया है. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत बुधवार को बम्हनीडीह पहुंचकर रोड शो करेंगे. कांग्रेस इसे अपनी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा मान रही है और पार्टी कार्यकर्ताओं में भी इसे लेकर उत्साह देखा जा रहा है.
भाजपा ने चुनाव की जिम्मेदारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब को सौंपी
वहीं भाजपा ने चुनाव की जिम्मेदारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब को सौंपी है. वे लगातार अलग-अलग वार्डों में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं और लोगों से मुलाकात कर सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दे रहे हैं. भाजपा नेताओं का कहना है कि डबल इंजन सरकार के कारण क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है और जनता इसका लाभ भी महसूस कर रही है. चुनाव प्रचार के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है. कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर सत्ता का दुरुपयोग करने और मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए शराब और मुर्गा बांटने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. विपक्षी दलों का कहना है कि वे जनता के बीच जाकर इन मुद्दों को उठा रहे हैं और लोगों का समर्थन उन्हें मिल रहा है.
भाजपा में कांग्रेस पर किया वार
भाजपा ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कांग्रेस पर पलटवार किया है. भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस ने लंबे समय तक प्रदेश में भ्रष्टाचार और शोषण की राजनीति की, जिसके कारण जनता ने उससे दूरी बना ली. मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने दावा किया है कि बम्हनीडीह नगर पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत तय है. नगर पंचायत बनने के बाद यह पहला चुनाव है, इसलिए सभी राजनीतिक दल इसे प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में देख रहे हैं. लगातार हो रहे प्रचार, रोड शो और आरोप-प्रत्यारोप के चलते क्षेत्र का सियासी माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है.
यह भी पढ़ें- हर महीने 5000 तक पेंशन! जानिए Atal Pension Yojana की पूरी डिटेल, कौन और कैसे कर सकते हैं अपलाई
यह भी पढ़ें- MP में किसानों की बल्ले-बल्ले! भू-अर्जन संशोधन से यूं मिलेगा बंपर फायदा
यह भी पढ़ें- इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी
