सागर/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में अवैध और जहरीली शराब के कारोबार के खिलाफ सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जीरो टॉलरेंस के निर्देश के बाद सागर जिले के बंडा में प्रशासन ने अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन की टीम ने पांच अलग-अलग ठिकानों पर बुलडोजर कार्रवाई करते हुए अनाधिकृत निर्माण और शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाना शुरू किया।
तीन आरोपियों के ठिकानों पर कार्रवाई
बंडा में सामने आए अवैध शराब मामले से जुड़े मुख्य आरोपियों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। मनीष लोधी, चंद्रभान राजपूत और आशीष साहू के अवैध मकानों और गोदामों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया है। प्रशासन के मुताबिक, संबंधित ठिकानों पर अनाधिकृत निर्माण और शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण की जांच के बाद कार्रवाई की जा रही है। पांच स्थानों पर चल रही इस कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माणों को जमींदोज किया जा रहा है।
BJP News: बीजेपी में राष्ट्रीय स्तर पर की बड़ी नियुक्तियां… मोर्चा प्रभारियों का ऐलान
अवैध शराब कारोबार पर जीरो टॉलरेंस
सरकार ने साफ किया है कि अवैध शराब के कारोबार और इससे जुड़ी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खासतौर पर जहरीली शराब के जरिए लोगों की जान और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई के साथ अन्य कानूनी कदम भी उठाए जा रहे हैं।
अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप
बंडा में हुई कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार के खिलाफ प्रशासन की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जनस्वास्थ्य और नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Special News: लाड़लियों के बाद Gen-Z लाड़लों हो जाओ तैयार… ऐसी रील बनाओ और पाओ पूरे 1 लाख रुपये
