बैतूल/सचिन जैन/खबर डिजिटल/ खेलों के विकास के प्रति प्रतिबद्ध भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के प्रयासों से जिले को ऐतिहासिक खेल सौगात मिलने जा रही है। मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम, बैतूल में शीघ्र ही 6.97 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक ब्लू एस्ट्रो टर्फ बिछाई जाएगी। यह उपलब्धि भारतीय हॉकी संघ की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर बैतूल के लिए विशेष मानी जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय मानकों की सुविधा से खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ
ब्लू एस्ट्रो टर्फ लगने के बाद बैतूल उन चुनिंदा शहरों में शामिल हो जाएगा, जहां अंतरराष्ट्रीय मानकों की हॉकी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी और बेहतर प्रदर्शन के अवसर मिलेंगे। खेल अधोसंरचना के क्षेत्र में यह कदम बैतूल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाएगा।
हॉकी जगत ने जताया आभार
इस उपलब्धि पर हॉकी बैतूल के अध्यक्ष अक्षय वर्मा एवं सचिव जगेंद्र सिंह तोमर ने विधायक हेमंत खंडेलवाल का आभार व्यक्त किया। पूर्व अध्यक्ष प्रदीप खंडेलवाल ने इसे हॉकी संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर बड़ी उपलब्धि बताया। वरिष्ठ खिलाड़ी मुकेश वर्मा लल्ली, नरेंद्र सिंह ठाकुर, जगदीप वर्मा और विभाषवर्धन पांडे ने भी विधायक का अभिनंदन किया। वरिष्ठ खिलाड़ी संघ अध्यक्ष रमेश भाटिया ने इसे बैतूल खेल इतिहास के लिए अभूतपूर्व कदम बताया।


