बैतूल/खबर डिजिटल। गंज क्षेत्र में आयोजित हिन्दू सम्मेलन के अवसर पर प्रभु श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें इस बार महिला श्रद्धालुओं की सहभागिता सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र रही। बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक परिधान धारण कर शोभायात्रा में भाग लिया और पूरे क्षेत्र को भक्ति एवं उत्साह के रंग में रंग दिया।
शोभायात्रा गंज क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर निकली। मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा की गई, वहीं जगह-जगह जय श्रीराम के उद्घोष गूंजते रहे। महिलाओं द्वारा किए गए भजन-कीर्तन और राम नाम संकीर्तन ने वातावरण को पूरी तरह राममय बना दिया। युवतियों, मातृशक्ति और बालिकाओं की सहभागिता ने आयोजन को अनुशासित एवं सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान किया।
यह भी पढ़ें –उमरिया में सर्राफा कारोबारी से 5.50 लाख की लूट, बदमाशों ने रास्ता रोककर दिया वारदात को अंजाम – Khabar Digital
आयोजन के दौरान स्वयंसेवकों और प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने भी आयोजन में सहयोग करते हुए श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और जलपान की व्यवस्था की।
शोभायात्रा का समापन जेच सभा ग्रह में हुआ, जहां हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में वक्ताओं ने सनातन संस्कृति, प्रभु श्रीराम के आदर्शों और समाज में नारी शक्ति की भूमिका पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की बढ़ती सहभागिता सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ कर रही है।
यह भी पढ़ें –डिंडौरी कलेक्टर ने मिलेट्स क्वीन से की मुलाकात, जाना परिवार का हाल… – Khabar Digital
हिन्दू सम्मेलन में उपस्थित महिला भक्तों ने इसे आस्था और संस्कारों से जुड़ने का माध्यम बताया। आयोजन ने धार्मिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और नारी सहभागिता का सशक्त संदेश समाज को दिया।


