बैतूल/सचिन जैन/खबर डिजिटल/ 7 माह में एक म्यूल (फर्जी) खाते से 10 करोड़ से अधिक का ट्रांजैक्शन का खुलासा हुआ है। साइबर ठगी और अवैध ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क का बड़ा पर्दाफाश हुआ। फर्जी फर्म के जरिए खाते उपलब्ध कराने वाला, सिम बेचने वाला और अकाउंट खरीदने वाले को गिरफ्तार किया गया है। कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
बैतूल पुलिस की बड़ी कार्रवाई
कुल 9 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। करोड़ों की मनी-ट्रेल जांच जारी की गई है। बैतूल जिले में सामने आए अब तक के सबसे बड़े संगठित साइबर ठगी एवं अवैध ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क के प्रकरण में बैतूल पुलिस ने निरंतर प्रभावी कार्रवाई करते हुए फर्जी फर्म, म्यूल खातों, अवैध सिम बिक्री एवं अकाउंट खरीद-फरोख्त की पूरी श्रृंखला का खुलासा किया है। दिनांक 14 दिसंबर 2025 को की गई कार्रवाई में 3 अतिरिक्त आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस प्रकरण में अब तक 9.84 करोड़ से अधिक के अवैध ऑनलाइन लेन-देन का खुलासा हो चुका है, जबकि एक म्यूल खाते में सात माह के भीतर 10 करोड़ से अधिक का ट्रांजैक्शन पाया गया है।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने किया निर्देशित
यह संपूर्ण कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी के निर्देशन में गठित साइबर सेल एवं विशेष SIT टीम द्वारा की गई सुनियोजित विवेचना का परिणाम है।अब तक की पुलिस कार्रवाई में पूर्व में 6 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी थी। वर्तमान कार्रवाई के बाद अब तक कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच में हुआ खुलासा
जांच में यह तथ्य सामने आया कि बैतूल जिले के 7 म्यूल खातों में करोड़ों रुपये का लेन-देन फर्जी फर्मों के माध्यम से किया गया। अश्विन धर्मवाल द्वारा जानबूझकर “अश्विन एग्रो” (खिरकिया, जिला हरदा) नामक फर्जी फर्म पंजीकृत कराई गई तथा उसका चालू खाता अवैध ऑनलाइन बेटिंग एवं साइबर ठगी के लेन-देन के लिए अन्य आरोपियों को सौंप दिया गया। पैसों के लालच में अपराध की जानकारी होते हुए भी खाते का दुरुपयोग होने दिया गया, जिससे लगभग 2 करोड़ 70 लाख की राशि म्यूल खातों में ट्रांसफर की गई। फर्म “अश्विन एग्रो” के खाते से बैतूल सहित अन्य खातों में कुल 10 करोड़ 12 लाख की अवैध राशि का ट्रांजैक्शन पाया गया।
ऑपरेशन में शामिल टीम
DSP दुर्गेश आर्मो, निरीक्षक नीरज पाल, SI अश्विनी चौधरी (साइबर), SI नवीन सोनकर (साइबर), SI उत्तम मस्तकार, SI राकेश सारेयाम, SI रवि शाक्य, HC तरुण पटेल, HC शिव उइके, आर. दीपेन्द्र सिंह (साइबर), आर. राजेंद्र धाड़से (साइबर), आर. बलराम राजपूत (साइबर), आर. पंकज (साइबर) एवं आर. सचिन हनवते (साइबर) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


