उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ उज्जैन में लैंड पूलिंग एक्ट के खिलाफ विरोध का एक नया मोड़ सामने आया है। भाजपा विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने 26 दिसंबर को किसानों के प्रदर्शन का समर्थन करने का फैसला किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर कहा है कि यदि लैंड पूलिंग एक्ट वापस नहीं लिया गया, तो वे किसानों के साथ आंदोलन में शामिल होंगे।
पूर्व में किया था योजना का समर्थन
लैंड पूलिंग योजना को लेकर बढ़ते विरोध के बीच, कालूहेड़ा ने सोमवार को सीएम को लिखा पत्र में स्पष्ट किया कि उन्होंने पहले इस योजना का समर्थन किया था, लेकिन किसानों की चिंताओं के मद्देनजर अब वे उनके साथ खड़े हैं। भारतीय किसान संघ के बैनर तले, 18 जिलों के 217 पदाधिकारियों ने 26 दिसंबर से प्रशासनिक संकुल भवन पर अनिश्चितकालीन ‘घेरा डालो-डेरा डालो’ आंदोलन की घोषणा की है।
संशोधन आदेश किया जारी
किसानों का कहना है कि 17 नवंबर को सरकार ने लैंड पूलिंग एक्ट निरस्त करने का आश्वासन दिया था, लेकिन 19 नवंबर को संशोधन आदेश जारी कर दिया गया। इससे नाराज किसानों ने अब अपने खेतों में भगवा झंडे लगाकर विरोध जताया है।
भारतीय किसान संघ ने दी जानकारी
किसान संघ ने यह भी बताया कि वे तब तक प्रदर्शन जारी रखेंगे, जब तक यह एक्ट पूरी तरह से वापस नहीं लिया जाता। विधायक कालूहेड़ा ने सीएम से आग्रह किया है कि किसानों के हित में उचित निर्णय लें और सिंहस्थ क्षेत्र में रहने वाले निवासियों को आवासीय लाभ प्रदान करें। इस आंदोलन से यह स्पष्ट होता है कि लैंड पूलिंग योजना किसानों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है, और अब यह भाजपा विधायक की आवाज में भी सुनाई दे रही है।


