बैतूल/सचिन जैन/खबर डिजिटल/ बैतूल शहर के गंज थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहिया वार्ड में मंगलवार देर रात अज्ञात तत्वों द्वारा भगवा झंडों में आग लगाए जाने की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। बताया जा रहा है कि आगामी हिन्दू सम्मेलन को लेकर गलियों और चौराहों पर भगवा ध्वज लगाए गए थे, जिनमें से एक स्थान पर कुछ झंडों को जलाया गया।
लोगों ने देखे जले हुए झंडे
बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने जले हुए झंडे देखे, जिसके बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है।
सीसीटीवी फुटेज को खंगाला
पुलिस द्वारा घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल किसी संगठन या व्यक्ति की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है।
पास में मस्जिद होने से मामला संवेदनशील
घटना स्थल के पास मस्जिद होने के कारण प्रशासन मामले को संवेदनशील मान रहा है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार निगरानी कर रहे हैं। वहीं, हिन्दू संगठनों द्वारा घटना के विरोध में प्रदर्शन किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
आमजन से शांति बनाने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से शांति बनाए रखने, संयम बरतने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
