भोपाल/खबर डिजिटल। राजधानी भोपाल की ऐशबाग पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पोक्सो एक्ट मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी सोहेल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी लंबे समय से गिरफ्त से बाहर था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
मामला क्या है
घटना 26 अप्रैल 2025 की है, जब ऐशबाग थाने में 17 वर्षीय पीड़िता ने आरोपी सोहेल खान पर शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने अपनी मां और बहन के साथ थाना प्रभारी के समक्ष रंगीन फोटोग्राफ भी पेश किए थे। आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 160/25 दर्ज कर धारा 64(2)(m), 87 बीएनएस व पोक्सो एक्ट की धाराएं लगाईं।
आरोपी पर था इनाम
पुलिस ने इस मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए भोपाल पुलिस ने आरोपी सोहेल पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस की विशेष टीम लगातार उसके ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे थे और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था।
गिरफ्तारी कैसे हुई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी जेल रोड स्थित पशु चिकित्सालय के पास आने वाला है। सूचना पर ऐशबाग पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसे घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पुलिस टीम की भूमिका
इस मामले में सराहनीय कार्रवाई में निरीक्षक विजय बहादुर सिंह सेंगर, उपनिरीक्षक प्रदीप गुर्जर, प्रधान आरक्षक तनवीर, आरक्षक राधेश्याम, सुनील माधव और सुनील राजपूत की अहम भूमिका रही। टीम ने सतत प्रयास से आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया।


